टीवी का सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। सलमान खान की मेजबानी वाला यह शो 6 सितंबर, रविवार को ग्रैंड प्रीमियर के साथ शुरू होगा। इस सीजन की थीम ‘वरदान’ रखी गई है और सबसे ज्यादा उत्सुकता इस बात को लेकर है कि घर में कौन-कौन से कंटेस्टेंट एंट्री लेंगे। हालांकि कंटेस्टेंट्स के साथ-साथ इस बार शो का नया घर भी चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है। करीब 19 साल तक बिग बॉस के घर को डिजाइन करने वाले ओमंग कुमार की जगह अब डिजाइनर वर्षा जैन ने जिम्मेदारी संभाली है।
10 हजार वर्ग फीट में तैयार हुआ ‘बिग बॉस 20’ का घर
Bigg Boss 20 का नया घर लगभग 10000 वर्ग फीट में फैला हुआ है और इसमें कुल 104 कैमरे लगाए गए हैं। इस बार घर के डिजाइन में पहले के मुकाबले काफी अलग अंदाज देखने को मिलेगा। जहां एक ओर घर को मिनिमल रखा गया है, वहीं कई हिस्सों में जानवरों और अलग-अलग जीवों से जुड़े डिजाइन एलिमेंट्स शामिल किए गए हैं। वर्षा जैन इससे पहले साउथ में प्रसारित होने वाले बिग बॉस के कुछ सीजन के घर डिजाइन कर चुकी हैं। उन्होंने अनिल कपूर के शो ‘इंडिया के टॉप 1 परसेंट’ का सेट भी तैयार किया था। अब हिंदी बिग बॉस के इतने बड़े मंच की जिम्मेदारी संभालना उनके करियर का एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।
गार्डन एरिया में शार्क पूल और गोरिल्ला की एंट्री
घर का गार्डन एरिया इस सीजन की खास जगहों में से एक है। यहां शार्क थीम पर आधारित स्विमिंग पूल तैयार किया गया है। इसके आसपास मौजूद डिजाइन एलिमेंट्स भी काफी आकर्षक हैं। पूल के पास लगा फ्लोरल टैप ध्यान खींचता है, जबकि बाथरूम के प्रवेश द्वार के ऊपर एक बड़ा गोरिल्ला नजर आता है। एक पेड़ के चारों ओर सांप की आकृति बनाई गई है, जिसे बैठने की जगह के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा गार्डन में एक रिंगमास्टर की मूर्ति भी रखी गई है। लिविंग एरिया तक पहुंचने के लिए कंटेस्टेंट्स को इस मूर्ति के पैरों के बीच से होकर गुजरना होगा।
लिविंग रूम में दिखेगा सबसे ज्यादा ड्रामा
‘बिग बॉस 20’ के घर में लिविंग रूम हमेशा से सबसे महत्वपूर्ण जगहों में रहा है और इस बार भी इसे खास अंदाज में डिजाइन किया गया है। यहां सामान्य सोफा मौजूद है, लेकिन इसके अलावा 12 लोगों के बैठने वाला बड़ा डाइनिंग टेबल भी रखा गया है। डाइनिंग एरिया के पीछे एक बड़ा पैराशूट लगाया गया है, जिसे बैठने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, गुलाबी रंग की एक बड़ी चाय की केतली भी आकर्षण का केंद्र है, जिसमें गर्म चॉकलेट गिरती हुई दिखाई देती है और उसका आकार सिंहासन जैसा बनाया गया है। टीवी के ऊपर लटकाए गए संदेश घर को एक अलग भावनात्मक स्पर्श देते हैं।
रूम नं. 20 और रूम 2X में छिपे हैं राज
इस बार घर में रूम नं. 20 को खास तौर पर शामिल किया गया है। यह पिछले सीजन के असेंबली रूम की जगह लेगा। फिलहाल इस कमरे के अंदर क्या है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि इसका खुलासा शो शुरू होने के कुछ सप्ताह बाद किया जा सकता है। वहीं रूम 2X में दो दरवाजे हैं। इनमें एक सामान्य आकार का है, जबकि दूसरा छोटा दरवाजा है। इन दोनों के पीछे क्या छिपा है, इसका खुलासा ग्रैंड प्रीमियर में होने की उम्मीद है।
‘जीवनदान’ से जुड़ा हो सकता है रूम 2X
शो से जुड़े सूत्रों के मुताबिक रूम 2X का संबंध ‘जीवनदान’ नाम के एक गेम एलिमेंट से हो सकता है। इसमें कंटेस्टेंट्स को दबाव वाले पॉड्स में रखा जा सकता है और उनसे कोई सच कबूल करने या महत्वपूर्ण स्वीकारोक्ति करने के लिए कहा जा सकता है। इस चुनौती से सफलतापूर्वक निकलने वाले प्रतियोगी को गेम में अतिरिक्त लाइफलाइन मिलने की संभावना बताई जा रही है।
किचन फूड ट्रक थीम पर, बेडरूम में सुकून का माहौल
इस बार किचन को फूड ट्रक की थीम दी गई है। हालांकि यह असली फूड ट्रक नहीं है। किचन टेबल के नीचे दो पहिए लगाए गए हैं और ऊपर ‘बीबी फूड ट्रक’ लिखा बैनर नजर आता है। इसके मुकाबले बेडरूम को ज्यादा आरामदायक रूप देने की कोशिश की गई है। बेडरूम में 17 प्रतियोगियों के लिए बेड की व्यवस्था है। बीच में सोफा रखा गया है, जिसके ऊपर बिच्छू और गिरगिट जैसे डिजाइन एलिमेंट्स दिखाई देते हैं। दीवारों से मशरूम की आकृतियां भी निकलती हुई नजर आती हैं। दूसरी ओर, बाथरूम को इस सीजन में काफी साधारण रखा गया है। यहां उल्टे खड़े गुलाबी रंग के खरगोश की आकृति, सोफे और ऊपर लटके दो चिंपैंजी दिखाई देते हैं। कुल मिलाकर ‘बिग बॉस 20’ का नया घर पहले के सीजनों से काफी अलग नजर आ रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस अनोखे माहौल, रहस्यमयी कमरों और ‘वरदान’ थीम के बीच कंटेस्टेंट्स का खेल किस दिशा में आगे बढ़ता है।
ये भी पढ़ें: ‘सैयारा’ और ‘आवारापन 2’ को पछाड़ ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का बॉक्स ऑफिस पर होगा धमाका, पहले ही दिन छाप सकती है 25 करोड़








