अक्टूबर 2026 की शुरुआत नवरात्र की भक्ति और त्योहारों के माहौल के साथ होने जा रही है। इसी के साथ सिनेमाघरों में भी मनोरंजन का दौर शुरू होगा। इस महीने हिंदी दर्शकों के लिए एक्शन, कॉमेडी, रोमांस, हॉरर, थ्रिलर और बायोपिक जैसी अलग-अलग जॉनर की कई फिल्में रिलीज होने वाली हैं। महीने की शुरुआत अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ से होगी, जबकि आगे चलकर आयुष्मान खुराना की ‘उड़ता तीर’, रजनीकांत की ‘जेलर 2’ और राजकुमार राव की ‘प्रहार’ जैसी फिल्मों पर दर्शकों की नजर रहेगी।
‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ से होगी शुरुआत
2 अक्टूबर को ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। इस बार कहानी पिछली फिल्मों से आगे बढ़ते हुए एक नई जांच पर केंद्रित है। तब्बू मीरा देशमुख के रूप में वापसी कर रही हैं, जबकि जयदीप अहलावत नए क्राइम ब्रांच अधिकारी राजवीर सिंह तोमर की भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है और निर्माताओं ने इसके क्लाइमेक्स को लेकर काफी गोपनीयता बरकरार रखी है। श्रिया सरन और इशिता दत्ता भी अपने पुराने किरदारों में नजर आएंगी। फिल्म को लेकर काफी बज है।
‘प्रेम कीटाणु’
2 अक्टूबर को ही वीर पहाड़िया की ‘प्रेम कीटाणु’ भी रिलीज होगी। अपूर्व सिंह कार्की के निर्देशन में बनी यह रोमांटिक कॉमेडी-ड्रामा फिल्म उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर की पृष्ठभूमि में सेट है। वीर इसमें विशाल नाम के एक कॉलेज छात्र का किरदार निभा रहे हैं, जिसकी जिंदगी पढ़ाई से ज्यादा दोस्तों, पार्टी और प्यार के इर्द-गिर्द घूमती है। आफिया सैयद के किरदार सुहानी से उसका प्यार कहानी को आगे बढ़ाता है, लेकिन अपारशक्ति खुराना का रंजीत कहानी में नया मोड़ लेकर आता है। फिल्म युवाओं के रिश्तों, पारिवारिक उम्मीदों और बड़े होने की चुनौतियों को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करती है।
‘उड़ता तीर’
9 अक्टूबर को आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की ‘उड़ता तीर’ रिलीज होगी। आकाश कौशिक के निर्देशन में बनी यह एक्शन-कॉमेडी स्पाई फिल्म है। आयुष्मान इसमें बिलाल अहमद नाम के पाकिस्तानी इंटेलिजेंस अधिकारी का किरदार निभा रहे हैं, जिसे भारत में एक मिशन पर भेजा जाता है। लेकिन एक धमाके के बाद उसकी याददाश्त चली जाती है। वह अपनी पहचान भूल जाता है और सारा अली खान का किरदार उसे भारतीय सैनिक होने का भरोसा दिलाता है। इसके बाद कहानी में हास्य और जासूसी का दिलचस्प मेल देखने को मिलता है।
‘जेलर 2’
15 अक्टूबर को रजनीकांत की ‘जेलर 2’ हिंदी डब वर्जन में दर्शकों के बीच पहुंचेगी। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर मुथुवेल पांडियन यानी ‘टाइगर’ के रूप में नजर आएंगे। कहानी में उनका सामना एक बड़े आपराधिक नेटवर्क से होता है। फिल्म में विद्या बालन, एस.जे. सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती और सूरज वेंजारामूडु अहम भूमिकाओं में हैं। वहीं मोहनलाल और शिवा राजकुमार की मौजूदगी इसे और खास बनाती है।
‘प्रहार’
16 अक्टूबर को राजकुमार राव की ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ रिलीज होगी। अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी यह बायोग्राफिकल लीगल ड्रामा फिल्म मशहूर वकील उज्ज्वल निकम के पेशेवर सफर पर आधारित है। राजकुमार राव निकम की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में 26/11 मुंबई हमलों के आरोपी अजमल कसाब से जुड़े मुकदमे और उससे जुड़ी कानूनी लड़ाई को कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है। वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत और सिकंदर खेर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
‘नई नवेली’
16 अक्टूबर को यामी गौतम की ‘नई नवेली’ भी रिलीज होगी। यह फैंटेसी, फैमिली कॉमेडी और सुपरनैचुरल हॉरर का मिश्रण है। कहानी मेरठ के एक परिवार की है, जहां यामी का किरदार मोहिनी नई बहू बनकर आती है। उसके आने के बाद घर का माहौल बदलने लगता है, लेकिन जल्द ही परिवार को उसकी असली पहचान को लेकर शक होने लगता है। बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आदिनाथ कोठारे, सुनीता राजवार और मीता वशिष्ठ भी नजर आएंगी।
‘राणाबाली’
16 अक्टूबर को विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की ‘राणाबाली’ भी हिंदी दर्शकों के लिए रिलीज होगी। राहुल सांकृत्यायन के निर्देशन में बनी यह पीरियड एक्शन-ड्रामा फिल्म 19वीं सदी के दक्षिण भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित है। विजय एक लोक योद्धा की भूमिका में हैं, जो अपने लोगों के अधिकारों और अस्तित्व की रक्षा के लिए संघर्ष करता है। रश्मिका फिल्म में जयम्मा के किरदार में नजर आएंगी।
23 अक्टूबर को आएंगी तीन अलग-अलग कहानियां
23 अक्टूबर का दिन भी फिल्मों के लिहाज से खास रहेगा। लव रंजन से जुड़ी रोमांटिक कॉमेडी ‘पहला प्यार दूसरी बार’ तीन दोस्तों की कहानी दिखाएगी, जो वर्षों बाद अपने पुराने प्यार और अधूरे जज्बातों का सामना करते हैं। इसी दिन गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय की ‘तुम मेरे हो’ भी रिलीज होगी, जो प्यार, संघर्ष और रिश्ते की परीक्षा पर आधारित रोमांटिक ड्रामा है।
‘काली खेती’ में गांव और डर का कनेक्शन
23 अक्टूबर को जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की हॉरर फिल्म ‘काली खेती’ भी सिनेमाघरों में पहुंचेगी। हारिस इम्तियाज खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी को फिलहाल मेकर्स ने पर्दे में रखा है। फिल्म ग्रामीण जीवन, खेती, परिवार और पुराने रहस्यों को हॉरर के साथ जोड़ती है। ऐसे में अक्टूबर का आखिरी हफ्ता भी दर्शकों के लिए रोमांच और मनोरंजन से भरा रहने वाला है।
ये भी पढ़ें: लग्जरी कार छोड़ ऑटो रिक्शा से शूटिंग पर पहुंचे रजनीकांत, फैंस ने लगाए जमकर नारे, ‘धर्मन’ के सेट से वीडियो वायरल







