सीएम विजय का धारापुरम में जोरदार भाषण, कहा- ‘राजा बनने नहीं, जनता की सेवा के लिए राजनीति में आए’

Highlights

  • CM विजय बोले- TVK राजशाही के लिए नहीं, जनता की सेवा और भरोसा निभाने आई है।
  • स्कूलों और धार्मिक स्थलों के पास 717 TASMAC शराब दुकानें बंद करने का दावा।
  • विजय ने कहा कि तमिलनाडु में 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है।

चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने धारापुरम में एक चुनावी रैली के दौरान कहा कि उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम यानी कि TVK राजनीति में जनता की सेवा के लिए आई है, किसी राजशाही या परिवार के शासन के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि जनता ने 2026 के विधानसभा चुनाव में TVK को सत्ता की जिम्मेदारी दी है और उनकी सरकार इस भरोसे को बनाए रखेगी। विजय धारापुरम विधानसभा उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। धारापुरम में 6 अक्टूबर को मतदान और 9 अक्टूबर को मतगणना होनी है।

‘कुछ लोगों को लगता है, हमने जनता का फैसला भुला दिया’

विजय ने कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि उनकी पार्टी 2026 के चुनाव में जनता के दिए जनादेश को भूल गई है। उन्होंने कहा,

‘कुछ लोगों को लगता है कि हम यह भूल गए हैं कि 2026 के चुनाव में जनता ने तमिलगा वेत्री कझगम को वोट देकर चुना और DMK को सत्ता से बाहर भेज दिया। उन्हें अब भी लगता है कि वही मुख्यमंत्री हैं, उनका परिवार ही सत्ता में है और जनता अब भी उनके परिवार के नियंत्रण में है।’

‘हमारे मन में राजशाही वाली सोच नहीं’

विजय ने कहा कि सरकार बनने के थोड़े समय के भीतर ही जनता से किए गए कई वादों को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा,

‘लेकिन हमारे मन में राजशाही या राजा के शासन जैसी कोई सोच नहीं है। हम जनता के लिए राजनीति में आए हैं और जनता के प्रति अपने आभार का कर्ज चुकाना चाहते हैं। लोगों ने हम पर बहुत भरोसा किया है और हम निश्चित रूप से उस भरोसे को बनाए रखेंगे।’

बता दें कि हाल ही में विजय ने उस समय भी खूब चर्चा बटोरी थी जब उन्होंने अपना वादा पूरा करते हुए नवजात बच्चों को 22 कैरेट वाली सोने की रिंग गिफ्ट की थी।

‘भ्रष्टाचार और रिश्वत से मुक्त प्रशासन का संकल्प’

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि प्रशासन को भ्रष्टाचार और रिश्वत से मुक्त रखने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। विजय ने कहा,

‘जिस दिन से हमारी सरकार ने कार्यभार संभाला, उसी दिन से हम भ्रष्टाचार और रिश्वत से मुक्त प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।’

विजय ने सरकार की योजनाओं और फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि स्कूलों और धार्मिक स्थलों के पास स्थित 717 TASMAC शराब की दुकानें बंद की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों से किए वादों को तेजी से लागू करने पर ध्यान दिया है।

200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘सिंगापेन’

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘सिंगापेन’ नाम की विशेष टास्क फोर्स बनाई गई है। इसके तहत 2,546 नए पद बनाए गए हैं। विजय के मुताबिक, इस व्यवस्था का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में कार्रवाई और निगरानी को मजबूत करना है। विजय ने बताया कि नशीली दवाओं के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्य के 37 जिलों और 9 नगर निगमों में विशेष इकाइयां बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि नशे से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कुल 65 टीमें काम कर रही हैं।

दूध के खरीद मूल्य में 6 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से दूध खरीदने की कीमत में 6 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने ‘थाईमामन थंगा मोधिरम’ योजना के लागू होने की भी जानकारी दी। विजय के मुताबिक, यह योजना 28 सितंबर से लागू की गई है। विजय ने कहा कि ‘वेट्री पयानम’ योजना के तहत तमिलनाडु में महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यह योजना 2 अक्टूबर से पूरे राज्य में लागू की जाएगी। सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन को ज्यादा सुलभ बनाना है।

6 अक्टूबर को धारापुरम में उपचुनाव, 9 को नतीजे

धारापुरम विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 6 अक्टूबर को मतदान होगा और 9 अक्टूबर को वोटों की गिनती की जाएगी। विजय की रैली TVK उम्मीदवार के समर्थन में आयोजित की गई थी। उपचुनाव को लेकर तमिलनाडु में राजनीतिक दलों का प्रचार तेज हो गया है। (ANI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: RTI वाले फैसले पर विजय सरकार ने लिया यूटर्न, अलायंस की साथी कांग्रेस के नेता ने ही कर दिया था विरोध

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!