Highlights
- फ्लाईदुबई के कॉकपिट में पायलट पर पॉकेट नाइफ से हमला, अंदर खून देखकर सहमे यात्री।
- पायलट पर हमले के बाद विमान अचानक 34 हजार से 17 हजार फीट तक नीचे आया।
- यात्रियों ने हमलावर को पकड़ने में क्रू की मदद की, तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा विमान।
तेल अवीव: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को अचानक अफरा-तफरी मच गई। विमान में सवार यात्रियों ने बताया कि पायलट पर चाकू से हमले के बाद कॉकपिट में खून फैल गया था और चीख-पुकार मच गई थी। हालात इतने बिगड़ गए कि विमान कुछ ही समय में करीब 34 हजार फीट से 17 हजार फीट की ऊंचाई तक नीचे आ गया। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। यात्रियों के मुताबिक, कुछ इजरायली यात्रियों ने क्रू के साथ मिलकर हमलावर को काबू करने में मदद की।
‘कॉकपिट खोला तो अंदर खून दिखा’
द टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, एक महिला यात्री ने इजरायली मीडिया को बताया कि विमान में पहले चीखने की आवाजें सुनाई दीं। इसके बाद कॉकपिट खोला गया तो अंदर खून दिखाई दिया। महिला ने बताया,
‘हमने विमान में चीखें सुनीं। फिर कॉकपिट खोला गया और हमने खून देखा। किसी ने पायलट पर पॉकेट नाइफ से हमला किया था।’
महिला के मुताबिक, इजरायली यात्रियों ने क्रू के सदस्यों के साथ मिलकर हमलावर को पकड़ने और काबू में करने में मदद की।
‘हमें लगा, हम जिंदा नहीं बचेंगे’
यात्री ने बताया कि उस समय विमान में डर का माहौल था। उसने कहा,
‘हमने शेमा इजरायल की प्रार्थना की। कुछ ऐसे पल भी आए जब हमें लगा कि हम जिंदा बाहर नहीं निकल पाएंगे।’
बता दें कि शेमा इजरायल यहूदी धर्म की एक प्रमुख प्रार्थना है। यात्री के बयान के मुताबिक, लोगों को उस समय विमान की स्थिति और आगे क्या होने वाला है, इसकी कोई साफ जानकारी नहीं थी।
‘विमान तेजी से नीचे जाने लगा’
एक अन्य यात्री, जिसने अपना नाम नोआम बताया, ने चैनल 12 को घटना के बारे में जानकारी दी। उसने कहा,
‘विमान में यात्रियों ने चीख-पुकार मचानी शुरू कर दी थी। उन्हें समझ आ गया था कि कुछ गड़बड़ है। हमें पता चला कि एक पायलट पर हमला हुआ है और वह गंभीर रूप से घायल है। इसके बाद विमान पर उनका नियंत्रण चला गया और विमान तेजी से नीचे जाने लगा। यह बहुत डरावना था।’
जारी हुआ इमरजेंसी सिग्नल
द टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद आधिकारिक जानकारी बहुत कम उपलब्ध थी। इजरायली अधिकारियों ने बताया कि विमान से इमरजेंसी सिग्नल मिलने के बाद पता चला कि पायलटों के बीच कथित तौर पर लड़ाई हुई थी। हालांकि, फ्लाईदुबई ने घटना की पूरी परिस्थितियों की तत्काल पुष्टि नहीं की थी। इसलिए विमान के अंदर वास्तव में क्या हुआ, इसको लेकर जांच जारी है।
पायलट ने विमान क्रैश करने की कोशिश की?
हिब्रू मीडिया में इससे पहले यात्रियों के बयानों के आधार पर कुछ अपुष्ट रिपोर्ट सामने आई थीं। इनमें दावा किया गया कि ओमान के एक पायलट ने विमान को क्रैश करने की कोशिश की थी और दूसरे पायलट ने यात्रियों की मदद से उसे रोक दिया। कहा जा रहा है कि यात्रियों में संयोग से कुछ पायलट भी मौजूद थे और उन्होंने ही प्लेन को सउदी अरब के एयरपोर्ट पर लैंड कराया था। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इन्हें फिलहाल अपुष्ट जानकारी के तौर पर ही देखा जा रहा है।
7700 के बाद कुछ देर के लिए 7500 कोड
द टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, करीब 180 यात्रियों को लेकर जा रही FZ1073 ने पहले 7700 स्क्वॉक कोड प्रसारित किया। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामान्य इमरजेंसी सिग्नल है। इसके बाद विमान ने कुछ समय के लिए 7500 कोड प्रसारित किया। 7500 कोड का इस्तेमाल आमतौर पर हाईजैक या विमान में गैरकानूनी हस्तक्षेप की स्थिति में किया जाता है। उस समय विमान सऊदी अरब के ऊपर उड़ रहा था।
इजरायल ने भेज दिए थे फाइटर जेट
विमान से संपर्क स्थापित नहीं हो पाने के कारण इजरायली अधिकारियों को हाईजैक की आशंका हुई। इसके बाद इजरायली वायुसेना के लड़ाकू विमानों को विमान को रोकने और उसकी स्थिति का पता लगाने के लिए रवाना किया गया। बाद में विमान से संपर्क स्थापित हो गया और उसे सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया।
पायलट और को-पायलट दोनों घायल
तबुक एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी ने बुधवार को बताया कि फ्लाईदुबई विमान के पायलट और को-पायलट दोनों घायल पाए गए। कंपनी के मुताबिक, विमान सुबह 9:45 बजे तबुक एयरपोर्ट पर उतरा। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने यह भी बताया कि यात्रियों को जरूरी देखभाल और सहायता उपलब्ध कराई गई।
आसमान में तेजी से नीचे गिरा विमान
द टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, सार्वजनिक रूप से उपलब्ध फ्लाइट डेटा में विमान की ऊंचाई में अचानक बड़ी गिरावट दिखाई दी। बोइंग 737 मैक्स विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसके बाद यह एक मिनट से भी कम समय में लगभग 17 हजार फीट तक नीचे आ गया। विमान ने कुछ हद तक ऊंचाई संभाली, लेकिन फिर दोबारा नीचे आया और बाद में करीब 15 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ान जारी रखी। (ANI से इनपुट्स के साथ)
ये भी पढे़ं: दुबई-इजरायल फ्लाइट में लड़ बैठे दो पायलट, हाईजैक की सूचना पर भेजने पड़े फाइटर जेट्स; पीएम ने की इमरजेंसी मीटिंग
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/flydubai-flight-fz1073-1790769112.jpg








