22 साल पहले शुरू हुआ ‘कॉफी विद करण’ अब लेगा विदाई, करण जौहर बोले- एक आखिरी कप कॉफी के लिए आइए

करण जौहर का चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ अब अपने सफर के आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। करीब दो दशक से बॉलीवुड सितारों की निजी जिंदगी, रिश्तों, विवादों और मजेदार खुलासों को दर्शकों तक पहुंचाने वाला यह शो अब नौवें सीजन के साथ विदाई लेने वाला है। बुधवार को करण जौहर ने शो के नए सीजन का भावुक प्रोमो साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘कॉफी विद करण’ का नौवां सीजन शो का अंतिम सीजन होगा। नए सीजन की शुरुआत 14 अक्टूबर से जियोहॉटस्टार पर होगी।

करण जौहर ने कहा- एक आखिरी कप कॉफी के लिए आइए

करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शो के नौवें सीजन का प्रोमो जारी किया। इसके साथ उन्होंने दर्शकों को एक आखिरी बार ‘कॉफी’ पर बातचीत के लिए आमंत्रित किया। प्रोमो में करण काफी भावुक दिखाई देते हैं और शो से जुड़े अपने पुराने सफर को याद करते नजर आते हैं। वीडियो में करण बताते हैं कि साल 2004 में उन्होंने अपने पिता यश जौहर के सामने एक चैट शो का विचार रखा था। यश जौहर ने उनसे मजाकिया अंदाज में सवाल किया था कि आखिर कोई उनके दोस्तों के साथ बातचीत करने के लिए उन्हें पैसे क्यों देगा। हालांकि शो की शुरुआत के कुछ समय पहले ही यश जौहर का निधन हो गया। इसके बावजूद करण ने उस विचार को आगे बढ़ाया और अगस्त 2004 में ‘कॉफी विद करण’ का पहला एपिसोड दर्शकों के सामने आया।

2004 से अब तक ऐसा रहा शो का सफर

शुरुआत के बाद ‘कॉफी विद करण’ धीरे-धीरे बॉलीवुड के सबसे चर्चित सेलिब्रिटी चैट शोज में शामिल हो गया। शो में सितारों से उनकी फिल्मों के अलावा रिश्तों, दोस्ती, विवादों, शादी और निजी जिंदगी को लेकर सवाल पूछे जाते रहे। करण के खास अंदाज और शो के चर्चित रैपिड फायर राउंड ने भी इसकी अलग पहचान बनाई। प्रोमो में करण ने शो के सफर के कई पहलुओं को याद किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि शो की वजह से आज भी उन्हें ‘नेपोटिज्म’ जैसे शब्द का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी बताया कि शो में ऐसे मेहमान आए जो कभी एक-दूसरे के प्रेमी थे, कुछ बाद में शादी के बंधन में बंध गए और कुछ के रिश्ते समय के साथ खत्म हो गए। करण ने यह भी मजाक किया कि शो के कुछ एपिसोड ने देश के कुछ बड़े सितारों के करियर को लगभग खत्म करने जैसी स्थिति पैदा कर दी थी। उनके इस बयान ने शो के पुराने विवादित और यादगार पलों की याद ताजा कर दी।

करण ने बताया क्यों लिया विदाई का फैसला

शो के अंत को लेकर जारी बयान में करण जौहर ने कहा कि कुछ सफर ऐसे होते हैं जिन्हें खत्म करने की योजना नहीं बनाई जाती, बल्कि एक समय ऐसा आता है जब भीतर से महसूस होता है कि अब उन्हें विदा करने का वक्त है। उन्होंने ‘कॉफी विद करण’ को अपनी जिंदगी का बेहद खास हिस्सा बताया। करण के मुताबिक इस शो ने उन्हें दोस्तियां, यादें, कई मजेदार पल और दर्शकों का प्यार दिया। इसके साथ ही शो विवादों का भी हिस्सा रहा। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों के सफर में एक चीज लगातार बनी रही और वह था दर्शकों का जुड़ाव। करण ने आखिरी सीजन को अपने दर्शकों और शो से जुड़े हर व्यक्ति के प्रति आभार व्यक्त करने का जरिया बताया। उन्होंने कहा कि आखिरी बार कॉफी का कप उठाना उनके लिए भावुक पल है, लेकिन उन्हें लगता है कि अब शो को अलविदा कहने का सही समय है।

आखिरी सीजन में फिर होगा गॉसिप और रैपिड फायर

‘कॉफी विद करण’ का अंतिम सीजन भी शो के पुराने अंदाज में ही नजर आएगा। इसमें बॉलीवुड सितारों के साथ बातचीत, चर्चित खुलासे, गॉसिप, रैपिड फायर राउंड और मशहूर कॉफी हैम्पर्स देखने को मिलेंगे। करण ने प्रोमो में यह भी बताया कि लोग उनकी अगली फिल्म से ज्यादा उनसे शो के नए सीजन के बारे में पूछते हैं।

ये भी पढ़ें:  ‘बहन को पीटा था’, पूजा भट्ट से मारपीट के बाद रणवीर शौरी पर फूटा था राहुल भट्ट का गुस्सा, तोड़ दी थी पसली

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!