साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज जॉर्डन हरमन के लिए ODI क्रिकेट में पहला ही मुकाबला यादगार बन गया। 24 साल के बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने नामीबिया के खिलाफ पहले ODI में शानदार 150 रन की पारी खेली और ODI डेब्यू पर सबसे बड़ी पारी खेलने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। हालांकि, वह रिकॉर्ड को अपने नाम करने से सिर्फ एक रन से चूक गए। विंडहोक के नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर 9 सितंबर को हरमन ने नामीबिया के खिलाफ साउथ अफ्रीका की पारी का आगाज किया। उन्होंने 93 गेंदों का सामना करते हुए अपने पहले ही ODI मैच में शतक जड़ने का कमाल किया।
वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त होने से बचा
हरमन का बल्ला शतक बनाने के बाद भी नहीं थमा। अगली 33 गेंदों में 50 रन जोड़ते हुए हरमन ने 150 रन पूरे कर लिए। इस शानदार पारी की बदौलत वह ODI डेब्यू पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के ही मैथ्यू ब्रीट्जके के नाम था। ब्रीट्जके ने 10 फरवरी 2025 को न्यूजीलैंड के खिलाफ लाहौर में अपने ODI डेब्यू पर 148 गेंदों में 150 रनों की पारी खेली थी। दिलचस्प बात यह है कि दोनों बल्लेबाजों ने बतौर सलामी बल्लेबाज यह उपलब्धि हासिल की है। हरमन के पास अब ब्रीट्जके के रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका था, लेकिन वह 150 रन पर ही आउट हो गए।
मैथ्यू ब्रीट्जके के कीर्तिमान की बराबरी
जॉर्डन हरमन और मैथ्यू ब्रीट्जके 150-150 रन के साथ संयुक्त रूप से इस सूची में सबसे ऊपर हैं। इसके बाद वेस्टइंडीज के दिग्गज डेसमंड हेंस का नंबर आता है, जिन्होंने अपने डेब्यू मैच में 148 रन बनाए थे। अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज ने 2021 में आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू पर 127 रन बनाए थे। वहीं, मार्क चैपमैन ने UAE के खिलाफ नाबाद 124 और कॉलिन इंग्राम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 124 रन की पारी खेली थी।
ODI डेब्यू पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- 150 – जॉर्डन हरमन बनाम नामीबिया, 2026
- 150 – मैथ्यू ब्रीट्जके बनाम न्यूजीलैंड, 2025
- 148 – डेसमंड हेंस बनाम ऑस्ट्रेलिया, 1978
- 127 – रहमानुल्लाह गुरबाज बनाम आयरलैंड, 2021
- 124* – मार्क चैपमैन बनाम UAE, 2015
- 124 – कॉलिन इंग्राम बनाम जिम्बाब्वे, 2010
हरमन ने जहां 150 रनों की पारी खेली, वहीं टोनी डी जोरजी ने 84 गेंदों का सामना करते हुए 72 रन बनाए। इस तरह साउथ अफ्रीका की टीम निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 348 रन स्कोरबोर्ड पर टांगने में सफल रही। नामीबिया की ओर से रूबेन ट्रम्पेलमैन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए।
यह भी पढ़ें:
Source link
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/jordan-harmann-1788952752.jpg








