साबरमती नदी पर 480 मीटर लंबा और 36 मीटर ऊंचा पुल तैयार, बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को लेकर आई गुड न्यूज

नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने शनिवार को कहा कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत साबरमती नदी पर 480 मीटर लंबा और 36 मीटर ऊंचा पुल बनकर तैयार हो गया है। NHSRCL ने एक प्रेस रिलीज में कहा कि करीब 118 फुट ऊंचा ये पुल 12 मंजिला इमारत के बराबर है और मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के प्रमुख ढांचों में से एक है।

अहमदाबाद-दिल्ली मुख्य रेल लाइन के पास स्थित है पुल

प्रेस रिलीज में कहा गया है कि ये पुल पश्चिम रेलवे की अहमदाबाद-दिल्ली मुख्य रेल लाइन के पास स्थित है, जो जमीन के स्तर से करीब 14.8 मीटर की ऊंचाई पर है। ये पुल साबरमती और अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच स्थित है। ये साबरमती स्टेशन से करीब एक किलोमीटर और अहमदाबाद स्टेशन से 4 किलोमीटर दूर है। रिलीज के अनुसार, मौजूदा इंफ्रा से जरूरी वर्टिकल दूरी बनाए रखने के लिए साबरमती नदी पुल के पिलरों को ज्यादा ऊंचाई के साथ डिजाइन किया गया है।

पुल को 8 गोलाकार पिलर का दिया गया है सपोर्ट

नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने बताया कि पुल को 8 गोलाकार पिलर का सपोर्ट दिया गया है। इनमें से 4 पिलर नदी की तलहटी में, 2 पिलर नदी के दोनों किनारों पर और 2 पिलर नदी के किनारों से बाहर स्थित हैं। पिलर को रणनीतिक तरीके से इस तरह लगाया गया है कि नदी में जल प्रवाह में कम से कम रुकावट हो।

बैलेंस्ड कैंटिलीवर मेथड से किया गया है पुल का निर्माण

NHSRCL ने कहा कि पुल का निर्माण ‘बैलेंस्ड कैंटिलीवर मेथड’ से किया गया है। ये नदियों और गहरे जलमार्गों पर लंबी दूरी वाले पुलों के निर्माण के लिए इस्तेमाल की जाने वाली स्पेशल टेक्नोलॉजी है। इस टेक्नोलॉजी से पुल के ऊपरी ढांचे के नीचे पारंपरिक मचान लगाए बिना उसका निर्माण किया जा सकता है। 

पूरा हो चुका है 18 पुलों का काम

प्रेस रिलीज में कहा गया है कि मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल (MAHSR) का रूट कई मौजूदा बुनियादी ढांचा सुविधाओं से होकर गुजरता है, जिनमें फ्लाईओवर, पुल, रेलवे लाइन और मेट्रो कॉरिडोर शामिल हैं। रिलीज के अनुसार, इस कॉरिडोर में नदी पर कुल 25 पुल हैं, जिनमें 21 गुजरात और 4 महाराष्ट्र में हैं। गुजरात में प्रस्तावित 21 नदी पुलों में से अब तक 18 का निर्माण पूरा हो चुका है।

ये भी पढ़ें

Jio Platforms लाएगा देश का सबसे बड़ा IPO, 21 अक्टूबर को खुल सकता है 3.8 बिलियन डॉलर का इश्यू



https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/10/bullet-pixabay-1791108500.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!