1 जनवरी से 8.9% महंगी हो जाएगी माल ढुलाई, DHL Express भारत में बढ़ाएगा चार्ज

लॉजिस्टिक सर्विस प्रोवाइडर कंपनी DHL Express 1 जनवरी, 2027 से भारत में माल ढुलाई के चार्ज में 8.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी करेगी। कंपनी ने शनिवार को ये जानकारी दी। डीएचएल एक्सप्रेस के अनुसार ये सालाना शुल्क बढ़ोतरी महंगाई के दबाव, मुद्रा में उतार-चढ़ाव और लागत में बढ़ोतरी जैसे अलग-अलग कारकों के चलते की जाएगी।

220 से भी ज्यादा देशों में सर्विस देती है DHL Express

डीएचएल एक्सप्रेस ने कहा कि 220 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में काम करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय एकीकृत व्यवसाय के रूप में कंपनी को न सिर्फ स्थानीय आर्थिक स्थितियों, बल्कि वैश्विक बाजारों के घटनाक्रमों का भी सामना करना होता है। 

सर्विस और भरोसे के उच्च स्तर को बनाए रखने में सक्षम बनाता है सालाना मूल्य समायोजन

डीएचएल एक्सप्रेस के दक्षिण एशिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट आर. एस. सुब्रमण्यन ने कहा, ”ये सालाना मूल्य समायोजन हमें सर्विस और भरोसे के उस उच्च स्तर को बनाए रखने में सक्षम बनाता है, हमारे ग्राहक जिसकी उम्मीद करते हैं। इसके साथ ही, ये हमारे वैश्विक परिचालन के लचीलेपन और अनुकूलन क्षमता को भी मजबूत करता है।” 

बिजनेस के लिए नए मौके पैदा कर रहा है अंतरराष्ट्रीय व्यापार

आर. एस. सुब्रमण्यन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार बिजनेस के लिए नए मौके पैदा कर रहा है। सुब्रमण्यन ने कहा, ”हम अपने वैश्विक नेटवर्क, डिजिटल क्षमताओं, सुरक्षा बुनियादी ढांचे और टिकाऊ लॉजिस्टिक समाधानों में निवेश करके अपने ग्राहकों को इस बदलते परिवेश में आगे बढ़ने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” 

महंगाई के अलावा, कई अन्य वजहों से भी बढ़ रही है कंपनी की लागत

डीएचएल एक्सप्रेस ने बताया कि महंगाई के अलावा, उसकी लागत संरचना ऊर्जा खर्च, अनुपालन आवश्यकताओं तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्राधिकरणों द्वारा लागू किए जाने वाले नए कस्टम, रेगुलेटरी और सुरक्षा उपायों से भी लगातार प्रभावित हो रही है। डीएचएल एक्सप्रेस के अनुसार, कई देशों में लेबर मार्केट पर लगातार दबाव भी ऑपरेशनल लागत बढ़ने की एक वजह है।

अमेरिका में हुई थी कंपनी की स्थापना, 2002 में जर्मन कंपनी ने खरीदा

बताते चलें कि डीएचएल एक्सप्रेस एक जर्मन कंपनी है। ये दुनिया की सबसे बड़ी लॉजिस्टिक्स कंपनियों में से एक है। डीएचएल एक्सप्रेस, डॉयचे पोस्ट डीएचएल ग्रुप का हिस्सा है। इसकी स्थापना साल 1969 में अमेरिका में हुई थी। साल 2002 में जर्मनी की सरकारी पोस्टल सर्विस कंपनी डॉयचे पोस्ट ने इसे खरीद लिया था।

ये भी पढ़ें

सरकारी कंपनी पेट्रोनेट के डायरेक्टरों को 5 साल और मिलेगा मुनाफे का 1-1 प्रतिशत कमीशन, कंपनी ने मांगी मंजूरी



https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/dhl-same-1790500818.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!