शिमला में कार और रोडवेज बस की जोरदार टक्कर, माता-पिता और दादी की मौत; परिवार में पसरा मातम

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के घणाहट्टी क्षेत्र में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को जिंदगी भर का गम दे दिया। घंडल-सोलह मील के पास कार की HRTC बस से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार बेटे ने अपनी मां, पिता और दादी को खो दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक घायल बताया जा रहा है और उसे उपचार के लिए IGMC अस्पताल पहुंचाया गया है।

हादसे में युवक घायल, माता-पिता और दादी की मौत

बताया जा रहा है कि परिवार सुबह इलाज के लिए IGMC अस्पताल पहुंचा था। दवा लेने के बाद सभी कार में सवार होकर वापस घणागुघाट लौट रहे थे। इसी दौरान घंडल-सोलह मील के पास उनकी कार HRTC बस की चपेट में आ गई। कार में दो महिलाएं और दो पुरुष सवार थे। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक और घायल फांजी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

ओवरस्पीड की वजह से हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा ओवरस्पीड और पास लेने के दौरान हुआ। हालांकि हादसे में किसकी गलती थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। एक ही हादसे में मां, बाप और दादी को खोने के बाद घायल बेटे पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

सांप काटने से दो बहनों की मौत

वहीं, शिमला के चोपाल सब-डिविजन के टेलर गांव में दो बहनें (उम्र 11 और 8 साल) अपने घर पर बेहोश मिलीं और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जितेंद्र चौहान की बेटियां 20 सितंबर को अपने कमरे में बेहोश मिलीं और उन्हें तुरंत ट्यूनी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रोहरू अस्पताल रेफर किया गया और बाद में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC), शिमला भेज दिया गया। इलाज के दौरान लड़कियों की मौत हो गई और अधिकारियों ने पोस्टमार्टम के बाद उनके शव परिवार को सौंप दिए। नेरवा के नायब तहसीलदार कुश कुमार ने कहा कि शुरुआती जांच से मौत का कारण सांप का काटना लग रहा है, हालांकि असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगी।  

रिपोर्टः कपिल ठाकुर

ये भी पढ़ेंः VIDEO: जब गौशाला में घुसा 15 फीट मगरमच्छ, ग्रामीणों ने बोरी से मुंह बंद कर कंधे पर उठाया, गांव से किया बाहर

 

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!