‘द पैराडाइज’ का बॉक्स ऑफिस पर गदर, नानी की फिल्म ने तीसरे दिन दिखाया दम, 75 करोड़ पार पहुंचा कलेक्शन

साउथ सुपरस्टार नानी अब अपनी एक्शन-थ्रिलर ‘द पैराडाइज’ को लेकर सुर्खियों में हैं। 2 बार पोस्टपोन होने के बाद आखिरकार ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है और अब दर्शकों में इसे लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। इस फिल्म में नानी एकदम अलग और नए अवतार में देखने को मिल रहे हैं, जिसके चलते नानी के फैंस में एक अलग ही स्तर की उत्सुकता देखने को मिल रही थी। एडवांस बुकिंग में भी ‘द पैराडाइज’ का दबदबा देखने को मिला। मेकर्स ने इस गुरुवार यानी 24 सितंबर, 2026 को ये फिल्म रिलीज की, जिसने जबरदस्त ओपनिंग की। पहले ही दिन फिल्म ने 34 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन करके सबको हैरान कर दिया, हालांकि दूसरे दिन फिल्म की कमाई में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। अब ‘द पैराडाइज’ के तीसरे दिन के कलेक्शन के आंकड़े भी सामने आ चुके हैं, तो चलिए जानते हैं फिल्म ने तीसरे दिन यानी शनिवार को कितना कलेक्शन किया।

‘द पैराडाइज’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

नानी की एक्शन पीरियड ड्रामा ‘द पैराडाइज’ तमिल, तेलुगु और हिंदी सहित 8 भाषाओं में 24 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और 34.65 करोड़ के कलेक्शन के साथ जबरदस्त ओपनिंग की। वहीं इससे पहले प्री-रिलीज में इस फिल्म ने 11.60 करोड़ का कलेक्शन कर लिया। दूसरे दिन यानी पहले शुक्रवार को ‘द पैराडाइज’ की कमाई में 50 प्रतिशत से भी ज्यादा की गिरावट देखने को मिली। इस फिल्म ने दूसरे दिन 14.90 करोड़ कमाए और तीसरे दिन 13.95 करोड़ छापे। इसी के साथ तीन ही दिनों में नानी की फिल्म का नेट कलेक्शन 75.10 करोड़ हो गया है और ग्रॉस कलेक्शन 88.96 करोड़ पहुंच गया है।

‘द पैराडाइज’ की कहानी

नानी स्टारर इस फिल्म की कहानी की बात करें तो ये आजादी के दौर के बाद के समय पर आधारित है। कहानी जदल नाम के एक शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका संबंध एक ऐसे समुदाय से है जो समाज के हाशिए पर खड़ा है और अपनी पहचान, सम्मान के लिए लंबे समय से जंग लड़ रहा है। जदल समुदाय का मलिक के कठोर शासन में जिंदगी गुजारने को मजबूर है। जदल बचपन से ही इसी माहौल में पला-बढ़ा है, लेकिन फिर वह एक दिन अपने समुदाय के लिए खड़े होने का फैसला करता  है।। वह अपने समुदाय को मलिक के कठोर शासन से मुक्ति दिलाने का जिम्मा अपने कंधे पर उठा लेता है और फिर जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, जदल का व्यक्तित्व उभरकर सामने आता है और दर्शकों की दिलचस्पी भी बढ़ती जाती है।

फिल्म कास्ट और निर्देशक

‘द पैराडाइज’ के निर्देशक श्रीकांत ओडेला हैं, जिन्होंने पहले नानी के साथ ‘दसरा’ में भी काम किया था। ये फिल्म 2023 में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी। द पैराडाइज में नानी लीड रोल में हैं और राघव जुयाल ने खूंखार विलेन की भूमिका निभाई है। वहीं फिल्म में मोहन बाबू, सोनाली कुलकर्णी और कायडू लोहार जैसे कलाकार भी अहम भूमिका में हैं। SLV सिनेमाज के बैनर तले बनी ये फिल्म 2 बार पोस्टपोन होने के बाद आखिरकार 24 सितंबर को तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, स्पेनिश और अंग्रेजी भाषाओं में रिलीज हुई।

ये भी पढ़ेंः ‘द पैराडाइज’ मूवी रिव्यू: नानी ने किरदार में झोंकी पूरी ताकत, लेकिन बिखरी कहानी ने कम फीका किया असर

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!