तौलिया का इस्तेमाल सभी के घरों में किया जाता है। शरीर पोंछने वाली तौलिया से लेकर किचन में इस्तेमाल होने वाली तौलिय तक सभी बहुत जरूरी हैं। तौलिया हाथों की गंदगी और शरीर की गंदगी पोंछने के काम आती हैं। तौलिया का इस्तेमाल साफ सफाई के काम में भी किया जाता है। ऐसे में समय समय पर तौलिया को साफ करना भी जरूरी हो जाता है। खासतौर से किचन में इस्तेमाल होने वाली तौलिया तेल और गंदे हाथों से चिकनी और गंदी हो जाती हैं। नॉर्मल तरीके से धोने पर भी ये पूरी तरह से साफ नहीं हो पाती हैं। गंदगी बढ़ने से नमी, बैक्टीरिया और बदबू आने लगती है। आज हम आपको किचन की तौलिया साफ करने का आसान तरीका बता रहे हैं। जिससे आपका काम आसानी से हो जाएगा और तौलिया एकदम साफ हो जाएगी।
किचन की तौलिया कैसे साफ करें?
हाथ पोंछने वाले किचन के तौलिये काफी गंदे हो जाते हैं। इन्हें हर दूसरे तीसरे दिन आपको साफ करना चाहिए। गंदे तौलिया से खाने में इंफेक्शन और कीटाणु पनपने का खतरा बढ़ जाता है। किचन टॉवेल तेल, खाने के कण और दूसरी गंदगी के संपर्क में आते हैं, इन्हें नॉर्मल पानी से नहीं बल्कि गर्म पानी से साफ किया जाना चाहिए।
सबसे पहले एक बाल्टी में गर्म पानी डालें। पानी अच्छा गर्म होना चाहिए। अब पानी में थोड़ा डिटर्जेंट डालें और इसमें किचन की गंदी, चिपचिपी तौलिया डाल दें। अब इसे करीब 1-2 घंटे के लिए ऐसे ही पानी में भीगा हुआ छोड़ दें। जब पानी ठंडा हो जाए तो तौलिया को निकालकर अच्छी तरह से रगड़ लें। अब थोड़ा और गर्म पानी लें, इसमें तौलिया को एक बार धो लें, जिससे तेल निकल जाए। अब तौलिया पर कपड़ा धोने वाला साबुन लगाकर हल्का ब्रश लगा दें। इससे लौतिया एकदम साफ हो जाएंगे। इस ट्रिक से पूरा तेल और गंदगी निकल जाएगी।
तौलिया से बदबू आ रही है तो करें ये उपाय
अगर तौलिया में सीलन या फफूंदी जैसी बदबू आ रही है। छूने पर नमी और चिपचिपा महसूस हो रहा है तो रोजाना तौलिया को धूप में सुखाएं। काम करने के बाद किचन टॉवल को धूप दिखाएं। तौलिया पूरी तरह सूखने पर मौजूदा बैक्टीरिया दूर हो जाएंगे। इससे आप इन्हें रोजाना धोने से बच सकते हैं।
तौलिया धोने के टिप्स
किचन और बाथरूम की तौलिया को अलग-अलग धोएं। दोनों में गंदगी अलग होती है। अगर कीमती तौलिया है तो उसके लेबल पर दिए निर्देश के हिसाब से ही पानी और क्लीनिंग का तरीका अपनाएं। तौलिया से बहुत बदबू आ रही है तो पानी में बेकिंग सोडा और नींबू डाल सकते हैं। तौलिया को अच्छी तरह सूखने पर ही दोबारा इस्तेमाल करना शुरू करें।









