चिकित्सा के क्षेत्र में नोबल पुरस्कार का ऐलान सोमवार को कर दिया गया है। इस साल ये सम्मान तीन लोगों- कार्ल डाइसेरोथ, पीटर हेगेमैन और जॉर्ज नागेल को दिया गया है। आपको बता दें कि इस पुरस्कार का ऐलान सोमवार को स्टॉकहोम के कैरोलिंस्का इंस्टीट्यूट में किया गया है। इसके साथ ही नोबल पुरस्कारों के हफ्ते की शुरुआत भी हो गई है। आइए जानते हैं कि कार्ल डाइसेरोथ, पीटर हेगेमैन और जॉर्ज नागेल को उनके किस योगदान के लिए नोबल का सम्मान दिया गया है।
किस योगदान के लिए मिला नोबल?
कार्ल डाइसेरोथ, पीटर हेगेमैन और जॉर्ज नागेल को लाइट-गेटेड आयन चैनल और ऑप्टोजेनेटिक्स पर उनकी रिसर्च के लिए चिकित्सा के नोबल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। सामने आई जानकारी के अनुसार, इस साल नोबल पुरस्कार की राशि 12 मिलियन स्वीडिश क्रोनर (करीब 1.2 मिलियन अमेरिकी डॉलर) रखी गई है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि चिकित्सा के क्षेत्र में दिए जाने वाले नोबेल पुरस्कार को आधिकारिक तौर पर ‘फिजियोलॉजी या मेडिसिन’ का नोबेल पुरस्कार कहा जाता है। यह सम्मान 1901 से दिया जा रहा है।
2025 में किन्हें मिला था ये सम्मान?
आपको बता दें कि साल 2025 में चिकित्सा के क्षेत्र में नोबल पुरस्कार मैरी ई. ब्रुनको, फ्रेड रामस्डेल और शिमोन साकागुची को दिया गया था। तीनों वैज्ञानिकों को ‘पेरिफेरल इम्यून टॉलरेंस’ से संबंधित उनकी खोजों के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। ‘पेरिफेरल इम्यून टॉलरेंस’ या परिधीय प्रतिरक्षा सहिष्णुता एक ऐसा तरीका है, जिससे शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को अनियंत्रित होने और बाहरी आक्रमणकारियों के बजाय अपने ही ऊतकों पर हमला करने से रोकने में मदद मिलती है।
2025 के अन्य विजेता
- साल 2025 में भौतिकी का नोबेल पुरस्कार 3 वैज्ञानिकों जॉन क्लार्क, मिशेल एच डेवोरेट, जॉन एम मार्टिनिस दिया गया।
- 2025 का रसायन का नोबेल पुरस्कार सुसुमु कितागावा, रिचर्ड रॉब्सन और उमर एम याघी को मिला था।
- साहित्य का नोबेल पुरस्कार साल 2025 में हंगरी के उपन्यासकार और पटकथा लेखक लास्ज़लो क्रास्नाहोर्काई को दिया गया।
- 2025 में अर्थशास्त्र का नोबल पुरस्कार जोएल मोकिर, फिलिप अघियन और पीटर हॉविट को मिला।
- वहीं, साल 2025 का नोबल शांति पुरस्कार वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो को दिया गया था।
ये भी पढ़ें- Nobel Prize 2025: अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार का हुआ ऐलान, जोएल मोकिर, फिलिप अघियन और पीटर हॉविट को मिला सम्मान
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/10/nobel-prize-for-medicine-1791194132.jpg









