कैंसर का नाम सुनते ही इंसान सूख जाता है। दुनियाभर में जितनी तेजी से कैंसर बढ़ रहा है उतनी ही तेजी से इसका इलाज भी बेहतर हो रहा है। अगर समय पर कैंसर का पता चल जाए तो मरीज की जान बचाना और कैंसर को फैलने से रोकना आसान हो जाता है। कुछ कैंसर ऐसे हैं जिनका बहुत अच्छा इलाज है और उसमें ठीक होने की संभावना काफी ज्यादा रहती हैं। वहीं कुछ कैंसर को खतरनाक माना जाता है, खासतौर से अगर उनका पता लेट स्टेज में चलता है। आइये डॉक्टर से जानते हैं कौन सा कैंसर सबसे ज्यादा खतरनाक है और कौन सा कम खतरनाक है?
कैंसर कितना खतरनाक है?
डॉक्टर प्रभात रंजन, कंसल्टेंट मेडिकल ऑन्कोलॉजी (फोर्टिस ग्रेटर नोएडा) के मुताबिक, हर कैंसर गंभीर बीमारी है, लेकिन सभी कैंसर का व्यवहार एक जैसा नहीं होता। किस कैंसर को कितना खतरनाक माना जाएगा, यह मुख्य रूप से इस बात पर निर्भर करता है कि वह कितनी तेजी से बढ़ रहा है, कितनी जल्दी शरीर के दूसरे अंगों में फैल रहा है और उसका इलाज कितनी प्रभावी तरह से संभव है।
सबसे ज्यादा खतरनाक कैंसर
ज्यादा आक्रामक कैंसर में अग्न्याशय (Pancreas), फेफड़े (Lung), लिवर और कुछ तरह के दिमाग के कैंसर शामिल हैं। इनमें कई बार शुरुआती स्टेज पर शरीर में कैंसर के स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते हैं, जिसके कारण बीमारी का पता दूसरे कैंसर के मुकाबले देर से चल पाता है। जब कैंसर शरीर के अन्य हिस्सों में फैल जाता है, तो इलाज करना ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
कम खतरनाक कैंसर
इसके विपरीत, कुछ कैंसर समय पर पहचान लिए जाने पर बहुत अच्छे से कंट्रोल या ठीक किए जा सकते हैं। इसके लिए जैसे शुरुआती स्टेज में पाए गए कई प्रकार के स्तन कैंसर, थायरॉइड कैंसर, प्रोस्टेट कैंसर और खून के कुछ कैंसर जैसे लिंफोमा (Lymphoma) और ल्यूकेमिया (Leukemia) में काफी मॉर्डन ट्रीटमेंट के ऑप्शन हैं और उनके अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। हालांकि, इन कैंसरों का व्यवहार उनके प्रकार और उप-प्रकार के अनुसार काफी अलग हो सकता है।
कम खतरनाक कैंसर में भी इलाज है जरूरी
यह समझना बहुत जरूरी है कि “कम खतरनाक कैंसर” का अर्थ “इलाज की जरूरत नहीं” बिल्कुल नहीं है। शुरुआती स्टेज में कैंसर का पता लगना लगभग हर प्रकार के कैंसर में इलाज की सफलता की संभावना को काफी बढ़ाता है। इसलिए कैंसर की गंभीरता तय करने में केवल कैंसर का नाम नहीं, बल्कि कैंसर का प्रकार, स्टेज, ग्रेड, शरीर में फैलाव, मरीज की सामान्य स्वास्थ्य स्थिति और उपचार विकल्प महत्वपूर्ण होते हैं।
सबसे महत्वपूर्ण: किसी भी असामान्य लक्षण को लंबे समय तक नजरअंदाज न करें और कैंसर की आशंका होने पर समय पर विशेषज्ञ से जांच और सलाह लें। कैंसर जितनी जल्दी पकड़ा जाए, उपचार के विकल्प और परिणाम उतने ही बेहतर हो सकते हैं। इसलिए लक्षणों को गंभीरता से लेना और कैंसर की जांच कराना जरूरी है।








