फिर लौटा भारत का समय: नीता अंबानी – india is rising again as a cultural powerhouse nita ambani

जियोस्टार की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने शुक्रवार को कहा कि भारत सभ्यता का उद्गम स्थल है और देश का वक्त एक बार फिर आ गया है। उन्होंने यह भी कहा कि नीता मुकेश अंबानी संस्कृति केंद्र इस सितंबर में न्यूयॉर्क के लिंकन सेंटर में भारतीय सप्ताहांत का आयोजन करेगा। इसमें भारत की कलाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। जियो कन्वेंशन सेंटर में आयोजित वेव्स 2025 कार्यक्रम में नीता अंबानी ने कहा कि भारत एक सनातन सभ्यता है, जिसने दुनिया को सत्य, अहिंसा और विनम्रता के स्थायी आदर्श दिए हैं।

भारत के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी ने कहा, ‘सदियों से भारत ने दुनिया को अपनी बुद्धि, सुंदरता और आत्मा का उपहार दिया है, लेकिन कहीं न कहीं हमारी आवाज नरम पड़ गई। हालांकि, अब यह फिर से उभर रही है।’ अंबानी ने कहा, ‘हम सभ्यता के उद्गम स्थल हैं। हम एक ऐसी सांस्कृतिक शक्ति हैं, जिसका समय फिर आ गया है।’

उन्होंने कहा कि कुछ सभ्यताएं अपनी शक्ति और ताकत से कहानी कहती हैं, जबकि भारत ने हमेशा अपनी कहानी आत्मा से कही है। अंबानी ने कहा कि संस्कृति समय में जमी हुई स्मृति नहीं है, बल्कि एक जीवंत वास्तविकता है, जो नदी की तरह बहती है और उपवन की तरह बढ़ती है। अंबानी ने कहा कि भारत में प्राचीनता के साथ आधुनिकता प्रतिस्पर्धा नहीं करती, बल्कि सामंजस्यपूर्ण ढंग से सह-अस्तित्व में रहती है। उन्होंने कहा कि हम अपनी समानताओं को संजोते हैं और अपने मतभेदों का जश्न मनाते हैं। यही नहीं, अपने विरोधाभासों को भी शालीनता से रखते हैं।


First Published – May 2, 2025 | 10:33 PM IST


(बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)

संबंधित पोस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!