टाइम्स स्क्वायर में महिला ने 2 को चाकुओं से गोदा, एक की मौत; आरोपी को पुलिस ने मारी गोली

Highlights

  • क्वींस की 49 साल की महिला ने शॉपिंग बैग से 2 बड़े किचन वाइफ निकालकर हमला किया।
  • पुलिस कमिश्नर टिश ने बताया कि महिला ने कहा, मैं चाकू नहीं गिराऊंगी, बल्कि तुम्हें मार दूंगी।
  • मेयर जोहरान ममदानी ने कहा पुलिस की कार्रवाई के चलते कई जानें बच गईं।

न्यूयॉर्क: अमेरिका के न्यूयॉर्क में स्थित टाइम्स स्क्वायर के पास सोमवार को एक महिला ने बेवजह दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक पुरुष बुरी तरह घायल हो गया जबकि एक महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने उस महिला को गोली मार दी। यह घटना शाम करीब 4:30 बजे न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के एक सबस्टेशन के पास हुई। यह जगह वन टाइम्स स्क्वायर बिल्डिंग के ठीक बाहर है। बता दें कि टाइम्स स्क्वायर में हमेशा पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है और यहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती है।

महिला की मौत, पुरुष की हालत स्थिर

रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्वींस की रहने वाली 49 साल की महिला ने शॉपिंग बैग से 2 चाकू निकाले। पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उसने सबसे पहले 68 साल के एक आदमी पर हमला किया। वह आदमी सबवे स्टेशन से निकलकर अपनी पत्नी के साथ सड़क पार करने का इंतजार कर रहा था। चाकू उस शख्स के पेट में लगा। कुछ सेकंड बाद आरोपी ने 32 साल की एक महिला को भी पेट में चाकू मारा। दोनों पीड़ितों को अस्पताल ले जाया गया जहां महिला की मौत हो गई। अस्पताल ने बताया कि आदमी की हालत स्थिर है।

पुलिस के समझाने पर नहीं मानी महिला

पुलिस ने यह नहीं बताया कि पीड़ित पर्यटक थे या शहर के निवासी थे। सोशल मीडिया पर आए वीडियो में दिख रहा है कि कम से कम 10 पुलिसकर्मी उस महिला के चारों ओर खड़े थे। उसके हाथ में रसोई में इस्तेमाल होने वाले 2 बड़े चाकू थे। अधिकारियों ने कई मिनट तक महिला को चाकू जमीन पर रखने के लिए समझाया, फिर उन्होंने ‘टेजर’ का इस्तेमाल किया। जेसिका टिश के मुताबिक महिला ने कहा, ‘मैं कुछ नहीं गिरा रही, मैं तुम दोनों को मारना पसंद करूंगी।’ वीडियो में दिखता है कि टेजर काम नहीं आया। महिला चाकू लहराते हुए तेजी से पुलिसवालों की तरफ बढ़ी जिसके बाद 2 पुलिसकर्मियों ने उस पर गोली चला दी।

मई में भी टाइम्स स्क्वायर पर हुई थी हत्या

गोली चलने के बाद महिला जमीन पर गिर गई जिसके बाद एक अधिकारी ने उसे हथकड़ी लगाई और फिर उसे पीठ के बल लिटाकर प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा रिकॉर्ड भी मिला है लेकिन उसका नाम किसी तरह के अपराध में नहीं मिला। इस पूरी घटना पर न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा कि अगर पुलिस ने समय पर एक्शन नहीं लिया होता तो और भी लोग घायल होता या मारे जाते। बता दें कि टाइम्स स्क्वायर इलाके में मई में भी एक शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी और जून में गोलीबारी हुई थी (AP से इनपुट्स के साथ)

 

ये भी पढ़ें: ‘1 घंटे में 100 भारतीयों को ढूंढ़ो…’ न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में मुंबई के शख्स को मिला चैलेंज

https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/times-square-stabbing-1788229627.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!