54 लाख रुपये और सोना-चांदी के बीच मिली ‘7 पन्ने की फरियाद’, मां मझिघरियाणी मंदिर की दान पेटी से निकला भावुक लेटर

ओडिशा के रायगढ़ा स्थित प्रसिद्ध मां मझिघरियाणी मंदिर में सोमवार को दान पेटियों यानी हुंडियों की गिनती के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और विदेशी मुद्रा मिली। इन सबके बीच एक ऐसी चीज भी मिली, जिसने मंदिर में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दरअसल, दान पेटी से करीब सात पन्नों का एक प्रार्थना पत्र मिला, जिसमें एक भक्त ने अपनी जिंदगी की परेशानियों, कर्ज, नौकरी और परिवार से जुड़ी चिंताओं का जिक्र करते हुए मां मझिघरियाणी से मदद की गुहार लगाई थी। भक्त ने पत्र में बताया कि उसके ऊपर कई लोगों का कर्ज है और वह इस कर्ज से बाहर निकलना चाहता है। उसने मां से कर्ज चुकाने की ताकत, अच्छी नौकरी, ज्यादा आमदनी और परिवार के लिए सुख-शांति की प्रार्थना की।

54 लाख से अधिक नकद निकला

बता दें कि मां मझिघरियाणी मंदिर में सोमवार को कुल 9 दान पेटियों यानी हुंडियों को खोला गया। हुंडियों को कड़ी सुरक्षा के बीच खोला गया और इनमें मिले नकद पैसे को गिनती के लिए रायगढ़ा स्थित यूनियन बैंक की मुख्य शाखा में ले जाया गया। गिनती पूरी होने के बाद हुंडियों से कुल 54 लाख 15 हजार 902 रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई। दान में सिर्फ नकद रकम ही नहीं मिली, बल्कि सोने और चांदी के आभूषण भी मिले। हुंडियों से कुल 64 ग्राम सोना और 1.764 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए। 

हुंडियों में अलग-अलग मूल्य के बड़ी संख्या में नोट मिले। इनमें 500 रुपये के 2,679 नोट, 200 रुपये के 1,488 नोट, 100 रुपये के 22,034 नोट, 50 रुपये के 14,806 नोट और 20 रुपये के 21,460 नोट शामिल थे। इसके अलावा दान पेटियों में कई देशों की विदेशी करेंसी और सिक्के भी मिले। इनमें अमेरिकी डॉलर, ओमानी रियाल, सऊदी रियाल और यूएई दिरहम जैसी विदेशी मुद्राएं शामिल हैं। मंदिर में इतनी बड़ी मात्रा में नकदी, सोना, चांदी और विदेशी मुद्रा मिलने के बाद श्रद्धालुओं के बीच भी काफी उत्सुकता देखने को मिली।

सात पन्नों की चिट्ठी भी निकली

हुंडी की गिनती के दौरान मिली सबसे अलग चीज थी एक भक्त की लिखी हुई करीब सात पन्नों की चिट्ठी। बताया जा रहा है कि यह पत्र कोरापुट के रहने वाले सुनील खरा ने लिखा था। पत्र पर 20 अगस्त 2026 की तारीख दर्ज थी। सुनील ने अपनी इस चिट्ठी में अपनी आर्थिक परेशानियों के बारे में विस्तार से लिखा। उसने बताया कि वह कई तरह की आर्थिक दिक्कतों से गुजर रहा है और उसके ऊपर काफी कर्ज है। पत्र में भक्त ने बताया है कि उसके ऊपर करीब 23 लोगों का कर्ज है। उसने मां मझिघरियाणी से प्रार्थना की कि उसे इतनी क्षमता और आमदनी मिले कि वह एक-एक करके सभी लोगों का पैसा वापस कर सके और कर्ज के बोझ से मुक्त हो सके।

भक्त ने बताई अपनी फरियाद

उसके प्रार्थना में आर्थिक परेशानी से निकलने की उम्मीद साफ दिखाई देती है। उसने मां से अपने जीवन में ऐसी परिस्थितियां बनाने की गुहार लगाई, जिससे वह अपने सभी कर्ज चुका सके। भक्त ने मां से अच्छी नौकरी मिलने और उसकी आमदनी बढ़ने की भी प्रार्थना की। इसके साथ ही उसने अपने घर की बिक्री से जुड़े कागजी काम के आसानी से पूरा होने की कामना की। वह चाहता था कि घर बेचने से संबंधित सभी जरूरी कागजी प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो जाए। इस प्रार्थना-पत्र में भक्त ने सिर्फ अपनी परेशानियों का जिक्र नहीं किया, बल्कि अपने मां और भाई के कल्याण के लिए भी देवी से आशीर्वाद मांगा। उसने मां से अपने डर और चिंताओं को दूर करने की प्रार्थना की। साथ ही सही फैसला लेने की हिम्मत, मन की शांति और जीवन में सही रास्ता चुनने के लिए मार्गदर्शन मांगा। चिट्ठी के अंत में भक्त ने अपने सभी कर्ज और परेशानियों को मां के चरणों में समर्पित करने की बात कही। (इनपुट- शुभम कुमार)

यह भी पढ़ें-

कौशांबी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में ताबड़तोड़ एक्शन, मुठभेड़ में घायल हुआ मुख्य आरोपी नौशाद, कई पुलिसकर्मियों पर भी गिरी गाज

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!