यूपी से हिरासत में लिया गया स्वतंत्र भारद्वाज, CJP प्रदर्शनकारी के पिता के साथ मारपीट का आरोप

नई दिल्लीः दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को यूपी के बुलन्दशहर से हिरासत में लिया है। स्वतंत्र भारद्वाज पर आरोप है कि उसने जंतर मंतर प्रदर्शन में शामिल लड़की निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट की थी। कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी को मांग को लेकर शुक्रवार को दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पर प्रदर्शन किया था।  

पुलिस ने 72 घंटे में गिरफ्तार करने का दिया था भरोसा

थाने पर प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधियों ने कहा था कि दिल्ली पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता पर हमला करने के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने FIR में SC-ST एक्ट की धारा भी जोड़ी है। 

आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिये जाने के कुछ ही घंटे बाद, दिल्ली पुलिस की टीम उसे पकड़ने के लिए बुलंदशहर पहुंची, लेकिन वह पहले ही फरार हो गया था। सूत्रों ने बताया कि भारद्वाज नैथला गांव से मोटरसाइकिल पर खुर्जा की ओर निकला था और अपनी पहचान छुपाने के लिए उसने हेलमेट पहन रखा था। उसका पता लगाने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस की कई टीम तैनात की गईं। उसकी तलाश के दौरान पुलिस ने स्थानीय पत्रकारों से भी पूछताछ की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लेने में कामयाब हुई।

स्वतंत्र भारद्वाज ने मारपीट के आरोपों पर दी थी सफाई

इससे पहले स्वतंत्र भारद्वाज ने शुक्रवार को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान CJP एक्टिविस्ट निशु आज़ाद के पिता के साथ मारपीट के आरोपों पर सफाई दी और कहा कि यह घटना आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई थी। भारद्वाज ने कहा कि जिसे हमला बताया जा रहा है, वह असल में आत्मरक्षा में किया गया था। उसने दावा किया कि अगर उन्होंने ऐसा न किया होता, तो भीड़ उनकी पीट-पीटकर हत्या कर सकती थी।

स्वतंत्र भारद्वाज ने पॉडकास्ट में मारपीट की बात स्वीकारी

स्वतंत्र भारद्वाज की यह सफाई सोशल मीडिया पर एक पॉडकास्ट क्लिप सामने आने के बाद आई। इंटरव्यू में खुद को ‘कट्टर हिंदू’ बताने वाला भारद्वाज वीडियो में यह स्वीकार करते हुए देखा जा सकता है कि उसने प्रदर्शन के दौरान निशु आज़ाद के पिता संजय कुमार की खोपड़ी फोड़ दी और अपराध की गंभीरता के बावजूद वह जेल जाने से बच गया। इसके बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस भारद्वाज के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई करने में विफल रही।

मेरे नाम का गलत इस्तेमाल कियाः चिराग

इस बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का बड़ा बयान सामने आया है। चिराग पासवान ने कहा है कि मेरे नाम का गलत इस्तेमाल किया गया है। मैं स्वतंत्र भारद्वाज को नहीं जानता। मेरी पार्टी निशु आजाद के परिवार के साथ खड़ी है। मैंने इसकी शिकायत की है। इस मामले में मैने दिल्ली पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। 

(पीटीआई और एएनआई इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ेंः जंतर-मंतर बवाल पर दिल्ली पुलिस का फैक्ट चेक, संजय की ‘खोपड़ी फटने’ के दावे का खोल कर रख दिया पूरा सच

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!