गोरेगांव फिल्म सिटी में शूटिंग सेट पर लगी भीषण आग, मौके पर मची अफरा-तफरी, कोई जनहानि नहीं

सोमवार, 5 अक्टूबर को गोरेगांव फिल्म सिटी से सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए, जिनमें एक सेट पर आग लगी हुई दिखाई दी। कयास लगाए जा रहे थे कि शायद यह सेट रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म ‘रामायण’ का है, लेकिन ये खबरें गलत निकलीं। असल में टीवी शो ‘हसल’ के सीजन 5 के सेट पर भीषण आग लगी थी। शो की टीम ने जानकारी दी कि सेट पर कोई जनहानि नहीं हुई है। वहीं सोमवार को ‘हसल 5’ के ग्रैंड फिनाले एपिसोड की शूटिंग हो रही थी। रियलिटी शो की टीम ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया, ‘सभी कलाकार वहां मौजूद थे। आग अचानक लगी। फिलहाल कोई हताहत नहीं हुआ है और सभी सुरक्षित हैं।’

गोरेगांव फिल्म सिटी की आग से हुआ भारी नुकसान

मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में प्राइम फोकस स्टूडियो के पीछे बनाए गए अस्थायी शूटिंग सेट में सोमवार शाम आग लग गई। आग की सूचना शाम 4:02 बजे मिली। BMC के मुताबिक आग 100×20 फीट के PCR यूनिट तक सीमित रही। आग में इलेक्ट्रिक वायरिंग, इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन, केबल, दरवाजे, लकड़ी के तख्ते, AC यूनिट, बांस और प्लास्टिक का सामान, साउंड सिस्टम और शूटिंग से जुड़ी सामग्री प्रभावित हुई।

किसी के हताहत होने की खबर नहीं

फायर ब्रिगेड ने शाम 4:55 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मौके पर BMC फायर ब्रिगेड, पुलिस, BMC वार्ड कंट्रोल और 108 एंबुलेंस की टीम पहुंची थी। आग लगने के कारणों की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

आग की घटना पर AICWA ने उठाए सवाल

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने अपने X पर दो वीडियो शेयर करते हुए, लिखा कि ‘मुंबई की फिल्म सिटी फिर जल उठी और किसी की जवाबदेही तय नहीं हुई। मुंबई की फिल्म सिटी एक बार फिर जल रही है और हमेशा की तरह किसी की जवाबदेही तय नहीं हो रही है। साल दर साल, एक के बाद एक आग की घटनाओं के बीच हजारों कर्मचारी और कलाकार खतरे में धकेले जा रहे हैं। चैनल, निर्माता और प्रोडक्शन हाउस कुछ पैसे बचाने के लिए बुनियादी अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर खर्च करने से इनकार कर रहे हैं। सेट आग की लपटों में जल जाते हैं, गरीब और मेहनतकश कर्मचारियों को इसकी कीमत चुकानी पड़ती है, जबकि मुनाफा कमाने वाले लोग बिना किसी नतीजे का सामना किए निकल जाते हैं। फिल्म सिटी में लगने वाली आग महज हादसे नहीं हैं। ये लालच, लापरवाही और ऐसी व्यवस्था का नतीजा हैं, जिसने कभी दोषियों को जवाबदेह नहीं ठहराया। जब तक जवाबदेही सबसे ऊपर तक तय नहीं होगी तब तक ये आग लगती रहेंगी और इसके साथ ही निर्दोष लोगों की जान भी जाती रहेगी।’

ये भी पढे़ं – ‘बिग बॉस’ फेम शिव ठाकरे के घर में लगी भयंकर आग, जानें किस हाल में हैं एक्टर

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!