दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। हर घर में सफाई अभियान भी चालू हो गया है। घर के कोने-कोने की सफाई की जा रही है, लेकिन जब छत वाले पंखों को साफ करने की बारी आती है, तो उस पर जमी धूल, तेल और ग्रीस की मोटी परत को देखकर अक्सर लोगों की हालत खराब होने लगती है। लगातार इस्तेमाल होने की वजह से पंखे की ब्लेड्स पर धूल की मोटी परत जम जाती है, जो आसानी से नहीं छूटती। इसे साफ करने के लिए लोग कई तरह के क्लीनर्स का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन शायद आपको मालूम नहीं है कि कुछ आसान घरेलू नुस्खे अपनाकर आप पंखे को बिल्कुल नए जैसा चमका सकते हैं।
1. तकिए के कवर का करें इस्तेमाल
पंखे की सफाई का सबसे बड़ा सिरदर्द यह होता है कि साफ करते समय धूल पूरे कमरे में, बिस्तर पर या सोफे पर गिर जाती है। इससे बचने का सबसे बेहतरीन तरीका है पुराना तकिए का कवर। तकिए के पुराने कवर को पंखे की एक ब्लेड के अंदर पूरी तरह से घुसाएं। अब कवर को दोनों हाथों से दबाते हुए बाहर की तरफ खींचें। ऐसा करने से सारी जमी हुई धूल कवर के अंदर ही इकट्ठा हो जाएगी और कमरे में नीचे बिल्कुल भी गंदगी नहीं फैलेगी।
2. बेकिंग सोडा और बर्तन धोने वाला लिक्विड
अगर पंखे पर केवल सूखी धूल नहीं, बल्कि ग्रीस और चिपचिपापन भी जमा है, तो बेकिंग सोडा सबसे कारगर उपाय है। इसे इस्तेमाल करने के लिए एक बाउल में गुनगुना पानी लें। इसमें 2 चम्मच बेकिंग सोडा और कुछ बूंदें लिक्विड डिश वॉश मिलाएं। इसके बाद एक स्पंज या सूती कपड़े को इस घोल में डुबोकर अच्छी तरह निचोड़ लें। अब इससे पंखे की ब्लेड्स को पोंछें। बेकिंग सोडा चिपचिपाहट और जिद्दी दागों को मिनटों में साफ कर देता है।
3. सफेद सिरका और नींबू का घोल
सिरका अपनी एसिडिक नेचर के कारण किसी भी सतह से धूल और बैक्टीरिया को हटाने में बहुत असरदार होता है। इसके लिए एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में पानी और सफेद सिरका मिलाएं। इसमें आधा नींबू का रस भी डाल सकते हैं। इस स्प्रे को पंखे की ब्लेड्स पर छिड़कें और 2-3 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद एक सूखे और साफ सूती कपड़े से इसे पोंछ लें। पंखा बिल्कुल नए जैसा चमकने लगेगा।









