पश्चिम बंगाल के विकास को एक नई रफ्तार देते हुए अदाणी ग्रुप ने राज्य में अब तक के सबसे बड़े निवेश का ऐलान किया है। गुरुवार को कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में 2000 बेड वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ‘अदाणी आरोग्य मंदिर’ की भव्य आधारशिला रखी गई। इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
4,000 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक ‘अदाणी आरोग्य मंदिर’
अदाणी ग्रुप इस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण पर ₹4,000 करोड़ खर्च करेगा। इस परियोजना से लगभग 10,000 नए रोजगार और नौकरियों के अवसर पैदा होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा। भूमि पूजन और मंचीय कार्यक्रम के दौरान गौतम अदाणी के साथ उनकी पत्नी प्रीति अदाणी और बेटे करण अदाणी (APSEZ के MD) भी मौजूद रहे। इससे पहले गौतम अदाणी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात कर राज्य में निवेश की प्राथमिकताओं पर चर्चा की।
2035 तक बंगाल में होगा ₹1 लाख करोड़ का निवेश
कोलकाता में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उद्योगपति गौतम अदाणी ने घोषणा की कि उनका समूह वर्ष 2035 तक पश्चिम बंगाल में ₹1 लाख करोड़ का कुल निवेश करेगा। अदाणी ग्रुप का यह निवेश सिर्फ स्वास्थ्य क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह पोर्ट्स (पोर्ट्स), लॉजिस्टिक्स, पावर, सड़कों और डेटा सेंटर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी विस्तार करेगा।
“मां काली के आशीर्वाद और सीएम के नेतृत्व में बंगाल रचेगा इतिहास”: गौतम अदाणी
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा, “आज यहां खड़े होकर मुझे गर्व महसूस हो रहा है। यह जगह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वास्थ्य, उम्मीद और मानव गरिमा से जुड़ी एक महत्वपूर्ण संस्था बनेगी। मैं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं कि वे आज यहां मौजूद हैं। आज सुबह मैं कालीघाट गया और मां काली से ‘शक्ति’ मांगी। मैंने उनसे साहस के साथ नेतृत्व करने की शक्ति, बड़े सपने देखने की ‘इच्छा शक्ति’ और उन सपनों को पूरा करने की ‘कार्य शक्ति’ मांगी। वहां से लौटते समय मेरे मन में एक बात थी कि जब किसी जगह पर बड़े अवसर पैदा होते हैं, तो उनके साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है। बंगाल इस समय ऐसे ही एक महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है। इस बदलाव को विकास में बदलने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में है। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके नेतृत्व में बंगाल आने वाले समय में विकास की नई संभावनाएं पैदा करेगा। अदाणी ग्रुप भी इन संभावनाओं को आगे बढ़ाने और बंगाल के विकास में योगदान देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
आर्थिक रूप से पिछड़े हुए लोगों के लिए 50 फीसदी बेड
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद गौतम अदाणी ने उनसे मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने राज्य में अस्पताल बनाने की योजना का जिक्र किया था। इसके बाद महज 2-3 महीने के भीतर ही इस परियोजना का भूमि पूजन हो गया। उन्होंने बताया कि न्यू टाउन में करीब 51 एकड़ जमीन पर यह अस्पताल बनाया जाएगा। अस्पताल में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए 50 फीसदी बेड आरक्षित रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की व्यवस्था देश में बहुत कम देखने को मिलती है। यह एक बड़ा सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल प्रोजेक्ट होगा, जिसमें मेडिकल कॉलेज और रिसर्च इंस्टीट्यूट भी शामिल होंगे। सीएम ने बताया कि इस मौके पर राइटर्स बिल्डिंग के रेनोवेशन और दुर्गा पूजा से जुड़े दो समझौता ज्ञापनों (MOU) पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं। उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि 15 वर्षों के दौरान राज्य उद्योग के क्षेत्र में अपेक्षित प्रगति नहीं कर सका और केवल भत्ते की राजनीति पर जोर दिया गया।
यह भी पढ़ें- पोर्ट, पावर, एयरपोर्ट और ग्रीन एनर्जी में Adani का धमाल! गौतम अदाणी ने सुनाया अगले 5 साल का मास्टर प्लान
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/gatuam-adani-1790233542.jpg










