खाने के बाद बार-बार आती है डकार और फूलता है पेट? कहीं डाइट की ये गलतियां तो नहीं जिम्मेदार?

खाना खाने के बाद बार-बार डकार आना और पेट फूलना काफी आम समस्या है। कई बार इसके पीछे हमारी रोजाना की खानपान की आदतें जिम्मेदार होती हैं। क्यूरा आयुर्वेदिक एंड यूनानी लिमिटेड में आयुर्वेदिक चिकित्सक, डॉ. अवंतिका, कहती हैं कि अगर आपको भी खाने के बाद अक्सर डकार और ब्लोटिंग की शिकायत रहती है तो अपनी डाइट और खाने के तरीके पर जरूर ध्यान दें।

ये समस्याएं हैं कमजोर पाचन का संकेत

डॉक्टर अवंतिका कहती हैं कि बार-बार गैस, पेट फूलना और डकार की समस्या हमारी खान-पान की आदतों से जुड़ी हो सकती हैं। आयुर्वेद में इन समस्याओं को कमजोर पाचन अग्नि का संकेत माना गया है। इसलिए आप कब, क्या और कैसे खाते हैं, इस पर ध्यान देना जरूरी है। सही खान-पान की आदतें पाचन को बेहतर रखने और गैस व ब्लोटिंग जैसी परेशानियों को कम करने में मदद कर सकती हैं।

खाते समय बरतें ये सावधानी

डॉक्टर अवंतिका के अनुसार, खाना हमेशा ताजा और हल्का गर्म कर के ही खाना चाहिए। बहुत ज़्यादा खाना खाने से बचें, पेट को हमेशा थोड़ा खाली रखें। खाना अच्छी तरह से पचे इसलिए उसे चबा चबा कर खाएं। जब आपका खाना पच जाए तभी अगला भोजन करें। आयुर्वेद में विरुद्ध आहार यानी ऐसे खाद्य पदार्थों के संयोजन से बचने की सलाह दी जाती है, जो पाचन को प्रभावित कर सकते हैं। रात को जितनी जल्दी हो सके उतनी जल्दी खाना खा लें ताकि वह आसानी से पच जाए।

खाते समय इन आदतों पर दें ध्यान

भोजन करते समय ज्यादा बातचीत करने से बचें। मोबाइल और टीवी से दूरी बनाकर मन लगाकर भोजन करें। साथ ही, अपनी प्रकृति और पाचन क्षमता के अनुसार भोजन का चुनाव करना जरूरी है। अगर खाने के बाद, पेट फूलने लगे तो आप अजवायन या अदरक का इस्तेमाल कर सकते हैं। ये मसाले पेट की समस्याओं में असरदार माने जाते हैं।

हालांकि, अगर आपको गैस और डकार बार-बार परेशान कर रही हैं और उसके साथ आपको पेट दर्द, उल्टी या वजन कम होने जैसे लक्षण दिखाई दें तो चिकित्सकीय सलाह जरूर लें।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है)

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!