हाथ में पंखा लिए इतराईं ऐश्वर्या राय, पेरिस से लौटते ही बैकस्टेज से दिखाई ग्लैमरस झलक, खूबसूरती पर ठहर गईं निगाहें

बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन हाल ही में पेरिस फैशन वीक में अपने शानदार अंदाज से सुर्खियां बटोरने के बाद मुंबई लौट आई हैं। भारत वापस आने के कुछ घंटों बाद ही एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर अपनी पेरिस ट्रिप की कुछ खास तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों में ऐश्वर्या का रनवे पर उतरने से पहले का अंदाज, उनकी हेयर स्टाइलिंग और शो के बाद का ग्लैमरस लुक देखने को मिला। फैंस के बीच उनकी ये तस्वीरें तेजी से चर्चा में आ गई हैं।

बैकस्टेज दिखा ऐश्वर्या का स्टाइलिंग रूटीन

ऐश्वर्या ने इंस्टाग्राम पर जो तस्वीरें पोस्ट की हैं, उनमें उनके पेरिस फैशन वीक लुक की तैयारी की झलक दिखाई दे रही है। एक तस्वीर में वह ब्लैक सिल्क ड्रेसिंग गाउन पहने नजर आ रही हैं। इस दौरान उनकी हेयर स्टाइलिंग टीम उनके गहरे बरगंडी रंग के बालों को कर्लिंग आयरन की मदद से तैयार करती दिखाई देती है। ऐश्वर्या के हाथ में सफेद रंग का एक फैन भी नजर आ रहा है, जिस पर लॉरियाल पेरिस का मशहूर टैगलाइन  आईएएम वर्थ इट लिखा हुआ है। इस तस्वीर में ऐश्वर्या बेहद सहज अंदाज में कैमरे की तरफ देखती दिखाई दे रही हैं। उनके बालों का नया डीप बरगंडी शेड उनके पूरे लुक को अलग और आकर्षक बना रहा था। दूसरी बैकस्टेज तस्वीर में वह अपनी स्टाइलिंग टीम के एक सदस्य के साथ पोज देती नजर आईं। इन तस्वीरों से साफ है कि रनवे पर नजर आने वाले परफेक्ट लुक के पीछे किस तरह लंबी तैयारी चलती है।

एफिल टावर के सामने दिखा रॉयल लुक

ऐश्वर्या की पोस्ट में एक तस्वीर ऐसी भी है, जिसने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा। रात के समय एफिल टावर की रोशनी के बीच ऐश्वर्या बेहद रॉयल अंदाज में नजर आ रही हैं। उन्होंने ब्लैक वेलवेट गाउन के साथ पर्ल एम्ब्रॉयडर्ड केप पहना हुआ है। इसके साथ सिर पर ज्वेल्ड टियारा उनके लुक को और शाही बना रहा है। एक्ट्रेस ने तस्वीरों को शेयर करते हुए ब्रांड को टैग किया और हार्ट इमोजी के साथ #dfil2026 हैशटैग का इस्तेमाल किया। उनकी पोस्ट में पेरिस फैशन वीक के दौरान हुए शो की तैयारियों और ब्रांड के साथ उनके लंबे जुड़ाव की झलक भी दिखाई देती है।

एफिल टावर के सामने उतरी थीं रैंप पर

ऐश्वर्या राय बच्चन ने पेरिस में सालाना ब्यूटी शो में हिस्सा लिया था। एफिल टावर के सामने स्थित इकोल मिलिटेयर में आयोजित इस शो में दुनियाभर की कई मशहूर हस्तियों ने शिरकत की। ऐश्वर्या ने इस दौरान एक बेहद खूबसूरत ब्लैक वेलवेट आउटफिट में रैंप वॉक किया। उनका आउटफिट सीरियाई फैशन लेबल यारा शोमेकर ने तैयार किया था। गाउन में डीप V-नेकलाइन के साथ स्ट्रक्चर्ड फिशटेल सिल्हूट दिया गया था। इस लुक में ऐश्वर्या ने अपने स्टाइल और आत्मविश्वास से एक बार फिर इंटरनेशनल फैशन मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

सिंगर सेलीन डियोन और ईवा लॉन्गोरिया से हुई मुलाकात

शो से पहले रिहर्सल के दौरान ऐश्वर्या की मुलाकात कई अंतरराष्ट्रीय सितारों से भी हुई। उन्होंने सिंगर सेलीन डियोन का अभिवादन किया, जो उस वक्त स्टेज पर परफॉर्म कर रही थीं। इसके अलावा ऐश्वर्या ने अपनी पुरानी दोस्त ईवा लॉन्गोरिया के साथ भी समय बिताया। इस फैशन शो में हॉलीवुड और इंटरनेशनल फैशन जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। इनमें वियोला डेविस, जेन फोंडा, कारा डेलेविंग्ने और केंडल जेनर के अलावा मैरी बोशे, बेबे वियो ग्रैंडिस, लूमा ग्रोथे, आजा नाओमी किंग और एंडी मैकडॉवेल जैसे नाम भी शामिल रहे।

कान्स के बाद इस साल दूसरा बड़ा इंटरनेशनल अपीयरेंस

पेरिस फैशन वीक में ऐश्वर्या की मौजूदगी इस साल उनका दूसरा बड़ा इंटरनेशनल फैशन अपीयरेंस है। इससे पहले मई में वह कान्स फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर नजर आई थीं। अब पेरिस से सामने आई तस्वीरों ने उनके ग्लोबल फैशन आइकन वाले अंदाज को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। वर्कफ्रंट की बात करें तो ऐश्वर्या राय बच्चन आखिरी बार मणि रत्नम की फिल्म ‘पोन्नियिन सेल्वन: II’ में नजर आई थीं। फिल्म में उनके साथ विक्रम, कार्थी, तृषा कृष्णन, जयम रवि, शोभिता धुलिपाला, प्रभु, प्रकाश राज और आर। पार्थिबन समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में थे। फिल्म के बाद से फैंस ऐश्वर्या को एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: ‘दृश्यम 3’ के लिए टिकटों की मारामारी, रिलीज से दो दिन पहले ही छापे 26 करोड़, एडवांस बुकिंग में बंपर उछाल

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!