Exclusive: ‘The Revolutionaries’ के लिए 12 साल बाद भुवन बाम ने किया शेव, रोहित सराफ हुए चोटिल

अमेजन प्राइम वीडियो की हिस्टोरिकल ड्रामा सीरीज में से एक ‘द रिवोल्यूशनरीज’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त बज बना हुआ है। इंडिया टीवी के पॉप्युलर डिजिटल शो ‘नथिंग सीरियस’ के 9वें एपिसोड में सीरीज के डायरेक्टर निखिल आडवाणी  और मुख्य स्टार कास्ट- भुवन बाम, रोहित सराफ, प्रतिभा रांटा और गुरफतेह पीरजादा ने होस्ट आर्यमन गौतम के साथ दिल खोलकर अनफिल्टर्ड बातचीत की। इस दौरान सीरीज से जुड़े कई किस्सों और किरदारों की तैयारी को लेकर चौंकाने वाले खुलासे सामने आए। बातचीत के दौरान भुवन बाम के बदले लुक पर भी चर्चा की और रोहित सराफ ने बताया कि कैसे वह ‘द रिवोल्यूशनरीज’ की शूटिंग के दौरान चोटिल हो गए थे।

12 साल बाद भुवन बाम ने हटाई दाढ़ी

शो के दौरान डायरेक्टर निखिल आडवाणी ने भुवन बाम के लुक ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर बड़ा खुलासा किया। निखिल आडवाणी ने बताया कि जब सीरीज़ के लुक टेस्ट की शुरुआत हुई, तो भुवन और पूरी टीम के साथ 1912 के दौर के हिसाब से लुक तैयार किया जा रहा था। निखिल ने कहा, ‘मैंने अपनी राइटर अक्षिता से साफ कहा कि जाकर भुवन से कहो कि उसे शेव करना पड़ेगा। भुवन ने पूरे 12 सालों से क्लीन शेव नहीं किया था! जब उसे यह बात बताई गई, तो वह सच में बहुत ज्यादा घबरा गया था कि बिना दाढ़ी के उसका लुक स्क्रीन पर कैसा दिखेगा। लेकिन किरदार की प्रामाणिकता के लिए उसने यह बड़ा कदम उठाया। वहीं रोहित सराफ जब पहली बार टक्सीडो पहनकर आए, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे ऐसा ऐतिहासिक किरदार निभाएंगे।’

‘हम सब सिरफिरे हैं…’ किरदार पर बोले भुवन बाम

भुवन बाम ने अपने सीरियस किरदार और शो के टोन पर बात करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौर में हमारे क्रांतिकारियों का जज्बा ही अलग था। भुवन ने कहा, “शो का कोर आइडिया बहुत साफ है—हम सब सिरफिरे हैं। हम युवा हैं और हमारा जो हक है, वह हमें चाहिए। अंग्रेजों का जो फरमान था कि ‘Dogs and Indians Not Allowed’, यह हमारे क्रांतिकारियों को कतई बर्दाश्त नहीं था। उस समय का नियम सीधा था- ईंट का जवाब पत्थर से और बम का जवाब बम से। भले ही यह गंभीर ड्रामा है, लेकिन इसमें युवाओं को बांधे रखने के लिए सिचुएशनल ह्यूमर भी देखने को मिलेगा।”

रोहित सराफ को एक्शन सीन में पड़ी लाठियां, शरीर पर पड़े नीले निशान

रोहित सराफ ने शो के लिए किए गए मुश्किल एक्शन सीक्वेंस और लाठी ट्रेनिंग का अनुभव साझा किया। रोहित ने मुस्कुराते हुए बताया, “डंडे घुमाने के चक्कर में डस्ट पार्टिकल्स का तो पता नहीं, लेकिन उस लाठी से जितनी मार मुझे खुद पड़ी है, उतनी शायद ही किसी को पड़ी होगी! शुरुआत में जब मैं लाठी चलाना सीख रहा था, तो खुद को ही मार बैठता था और मेरे हाथ-पैरों पर लंबे-लंबे नीले निशान (bruises) पड़ जाते थे। इस शो के लिए पूरी टीम ने खून-पसीना बहाया है।”

प्रतिभा रांटा के साथ सेट पर हुआ नाम का कंफ्यूजन

अभिनेत्री प्रतिभा रांटा ने अपने किरदार ‘प्रतिभा लेहरी’ पर बात करते हुए एक मजेदार किस्सा सांझा किया। प्रतिभा ने बताया, “जब हम सेट पर सीन कर रहे होते थे और रोहित सीन के बीच में ‘प्रतिभा’ पुकारते थे, तो मैं 2 मिनट के लिए सोच में पड़ जाती थी कि वे किस प्रतिभा की बात कर रहे हैं- मेरी या किरदार प्रतिभा लेले की! हालांकि इस ऐतिहासिक किरदार को निभाना मेरे लिए बेहद गर्व की बात रही।”

कैरी मिनाटी, समय रैना और करण जौहर पर मजेदार रैपिड फायर

इंटरव्यू के अंत में पूरी स्टार कास्ट ने एक मजेदार सिचुएशनल गेम के दौरान कई मजेदार सवालों के जवाब दिए। जब पूछा गया कि अगर भुवन बाम, कैरी मिनाटी और समय रैना के साथ एक बंद कमरे में फंस जाएं, तो वे क्या करेंगे? तो सह-कलाकारों ने मजाक में कहा कि भुवन दीवार तोड़कर सीधे भाग निकलेंगे! जब निखिल आडवाणी से पूछा गया कि अगर करण जौहर ‘कल हो ना हो 2’ का ऑफर लेकर आएं, तो उनका क्या रिएक्शन होगा? तो टीम ने हंसते हुए कहा कि निखिल सर कहेंगे- ‘थोड़ी देर में कॉल बैक करता हूं।’ वहीं, मार्वल यूनिवर्स में रोहित सराफ के लिए पूरी कास्ट ने एक सुर में ‘स्पाइडर-मैन’ का नाम चुना।

ये भी पढ़ेंः भुवन बाम ने अपनी सक्सेस जर्नी पर की बात, असफलता को बताया सफलता का जरूरी हिस्सा, बोले- ‘बगावत भरी रही मेरी जर्नी’

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!