टीवी शो ‘बिग बॉस सीजन 20’ को शुरू हुए अभी महज चार दिन हुए हैं, लेकिन घर के अंदर रिश्तों और पसंद-नापसंद का खेल तेजी से आगे बढ़ रहा है। कंटेस्टेंट्स अब खुलकर अपनी प्राथमिकताएं जाहिर करने लगे हैं। इसी बीच पहले हफ्ते के कैप्टेंसी टास्क ने घर के समीकरणों को और दिलचस्प बना दिया। टास्क में गुल्लू, यंग डीएसए और आसिफ के बीच मुकाबला देखने को मिला, जबकि बाकी घरवालों को अपने पसंदीदा दावेदार का समर्थन करने का मौका मिला। टास्क खत्म होने के बाद अब शो को अपना पहला कैप्टन मिल गया है।
यंग डीएसए ने जीती पहली कैप्टेंसी
पहले हफ्ते की कैप्टेंसी की बाजी सिंगर यंग डीएसए के नाम रही। बताया जा रहा है कि कैप्टेंसी टास्क से पहले हुए पॉपकॉर्न टास्क में भी यंग को घर के कई सदस्यों का समर्थन मिला था। काजी, स्काउट और अरशिफा समेत कई कंटेस्टेंट उनके पक्ष में नजर आए थे। यही समर्थन आगे चलकर उनके लिए फायदेमंद साबित होता दिखाई दिया। घर में एंट्री के शुरुआती दिनों में ही यंग ने कुछ कंटेस्टेंट्स के साथ अच्छी बॉन्डिंग बनाने की कोशिश की है। हालांकि, उनके व्यक्तित्व का एक दूसरा पहलू भी देखने को मिला है। वह अपने फैसलों को लेकर काफी स्पष्ट नजर आते हैं और जिस मुद्दे या कंटेस्टेंट को लेकर उनका रुख बन जाता है, उस पर वह मजबूती से कायम रहते हैं। ऐसे में कैप्टन बनने के बाद घर में उनकी भूमिका और भी अहम हो गई है।
कैप्टन बनते ही कनिका मान पर पड़ा असर
यंग डीएसए की कैप्टेंसी का सबसे पहला असर कनिका मान पर पड़ा है। इस सीजन में मेकर्स ने कंटेस्टेंट्स को दो लाइफलाइन दी हैं। इनमें से एक उनके पास अपनी है, जबकि दूसरी लाइफलाइन उन्हें बिग बॉस की ओर से खास तौर पर दी गई है। इस व्यवस्था के चलते कैप्टेंसी सिर्फ घर के कामकाज तक सीमित नहीं है, बल्कि कैप्टन के पास दूसरे सदस्यों के गेम पर भी असर डालने का मौका है। कैप्टेंसी टास्क शुरू होने से पहले बिग बॉस ने तीनों दावेदारों से एक अहम सवाल पूछा था। उनसे जानना चाहा गया कि अगर वे कैप्टन बनते हैं, तो किस कंटेस्टेंट की लाइफलाइन खत्म करना चाहेंगे। इस सवाल के जवाब में गुल्लू ने उदिती सिंह का नाम लिया, जबकि आसिफ ने अरशिफा खान को चुना। वहीं यंग डीएसए ने कनिका मान की लाइफलाइन छीनने की इच्छा जाहिर की थी।
पहले से नॉमिनेटेड हैं कनिका
अब क्योंकि कैप्टेंसी का ताज यंग डीएसए के सिर सजा है, इसलिए उनके फैसले का सीधा असर कनिका मान पर पड़ा है। कनिका की एक लाइफलाइन खत्म हो चुकी है और वह पहले से ही इस हफ्ते के नॉमिनेशन में शामिल हैं। ऐसे में उनकी स्थिति थोड़ी चुनौतीपूर्ण जरूर हो गई है। पहले ही हफ्ते में कैप्टन द्वारा लिया गया यह फैसला आने वाले दिनों में घर के रिश्तों और ग्रुप इक्वेशन पर भी असर डाल सकता है। खासकर तब, जब कंटेस्टेंट्स धीरे-धीरे अपने मजबूत दोस्त और विरोधी तय करने लगे हैं। बता दें, इसी शो के बीच ईशा रिखी ने रेड फ्लैग बॉयज को लेकर बात की और सवाल किया क्या धोखा देने वाले प्लेबॉयज को कभी पछतावा होता है?
इन कंटेस्टेंट्स पर भी मंडरा रहा है एलिमिनेशन का खतरा
इस हफ्ते शो से बाहर होने के लिए कनिका मान के अलावा लव गिल, उदिती सिंह और अरशिफा खान भी नॉमिनेटेड हैं। अब दर्शकों की नजर इस बात पर होगी कि इनमें से किस कंटेस्टेंट को सबसे ज्यादा वोट मिलते हैं और किसका ‘बिग बॉस 20’ का सफर पहले ही हफ्ते में खत्म हो जाता है। वहीं यंग डीएसए की पहली कैप्टेंसी घर के अंदर आने वाले दिनों में कितने नए विवाद और समीकरण पैदा करती है, यह देखना भी दिलचस्प होगा।
ये भी पढ़ें: 90s में टॉप हीरोइन नगमा का था जलवा, सलमान-शाहरुख संग दीं हिट पर हिट, अब सालों बाद आईं नजर, पहचानना हुआ मुश्किल








