रात में हो रही है कुछ मीठा खाने की क्रेविंग? गुड़ और गेहूं के आटे से झटपट बनाएं स्वादिष्ट हलवा, नोट करें आसान विधि

रात के समय खाना खाने के बाद अक्सर कुछ मीठा खाने का मन करने लगता है। ऐसे में अगर घर में मिठाई या कोई डेजर्ट मौजूद न हो तो बाहर से कुछ मंगाने की जरूरत नहीं है। आप अपनी किचन में मौजूद कुछ आसान सामग्री से स्वादिष्ट हलवा तैयार कर सकते हैं। गुड़ और गेहूं के आटे से बना हलवा स्वाद में बेहद लाजवाब लगता है और इसे बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत भी नहीं पड़ती। खास बात यह है कि इसमें चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे हलवे को एक अलग स्वाद और खुशबू मिलती है। अगर आपको भी रात में अचानक मीठा खाने की क्रेविंग हो रही है, तो चलिए जानते हैं गुड़ और गेहूं के आटे से स्वादिष्ट हलवा बनाने की आसान रेसिपी।

हलवा बनाने के लिए सामग्री

गेहूं का आटा 1 कप, गुड़ ¾ कप, देसी घी 4-5 बड़े चम्मच, पानी लगभग 2 कप, इलायची पाउडर आधा छोटा चम्मच, कटे हुए बादाम 1 बड़ा चम्मच, कटे हुए काजू 1 बड़ा चम्मच, किशमिश 1 बड़ा चम्मच

गुड़ और गेहूं के आटे का हलवा बनाने की विधि

स्टेप 1: एक पैन में करीब 2 कप पानी गर्म करें। इसमें गुड़ डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह घुलने दें। गुड़ पूरी तरह घुल जाए तो गैस बंद कर दें। इसे छान लें, ताकि अगर गुड़ में कोई अशुद्धता हो तो वह निकल जाए। गुड़ की चाशनी को बहुत ज्यादा गाढ़ा करने की जरूरत नहीं है।

स्टेप 2:  अब एक भारी तले की कड़ाही लें और उसमें घी डालकर गर्म करें। इसमें गेहूं का आटा डालें और धीमी से मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। आटे को अच्छी तरह भूनना इस हलवे का सबसे जरूरी हिस्सा है। जब आटे का रंग हल्का सुनहरा होने लगे और उसमें से अच्छी खुशबू आने लगे, तो समझिए आटा अच्छी तरह भुन गया है।

स्टेप 3: अब आंच धीमी कर दें और धीरे-धीरे गर्म पानी डालते हुए आटे को लगातार चलाते रहें। पानी डालते समय सावधानी रखें, क्योंकि गर्म घी में पानी डालने पर छींटे आ सकते हैं। लगातार चलाने से हलवे में गुठलियां नहीं पड़ेंगी।

स्टेप 4: जब आटा पानी को अच्छी तरह सोखने लगे और मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तब इसमें तैयार किया हुआ गुड़ का पानी डालें। इसे लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर पकाएं। कुछ ही देर में हलवा कड़ाही छोड़ने लगेगा और इसमें अच्छी चमक आने लगेगी।

स्टेप 5: अब इसमें इलायची पाउडर, कटे हुए बादाम, काजू और किशमिश डालकर अच्छी तरह मिला दें। 1-2 मिनट और पकाने के बाद गैस बंद कर दें। गरमा-गरम गुड़ और गेहूं के आटे का हलवा तैयार है। इसे ऊपर से थोड़े और ड्राई फ्रूट्स डालकर सर्व करें।

ये भी पढ़ें- घर पर बना लें मशरूम कबाब, खाने में इतने स्वादिष्ट और क्रिस्पी कि हर कोई पूछेगा रेसिपी, नोट करें विधि

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!