फ्रांसिस हाल्जेन को मिला भौतिकी का नोबेल पुरस्कार, फोन पर मिली खबर, बोले-“यह मेरे लिए बड़ा सरप्राइज था”

भौतिक विज्ञानी फ्रांसिस हाल्जेन को भौतिकी के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें आकाशीय यानी खगोलीय मूल के उच्च-ऊर्जा न्यूट्रिनो की खोज के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया है।

बेल्जियम में जन्मे अमेरिकी वैज्ञानिक फ्रांसिस हाल्जेन को इस साल भौतिकी के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार आइसक्यूब न्यूट्रिनो ऑब्जर्वेटरी में उनके योगदान और अंतरिक्षीय मूल के उच्च-ऊर्जा न्यूट्रिनो की खोज के लिए दिया गया है।

नई तरह की खगोल विज्ञान की राह खोली

नोबेल समिति के अनुसार, हाल्जेन ने शोधकर्ताओं और इंजीनियरों की एक अंतरराष्ट्रीय टीम का नेतृत्व किया, जिसने आइसक्यूब को एक अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरण के रूप में विकसित करने में अहम भूमिका निभाई। भौतिकी की नोबेल समिति के अध्यक्ष मार्क पियर्स ने कहा कि हाल्जेन की दृढ़ता और वैज्ञानिक दृष्टि ने खगोल विज्ञान की एक नई विधा के लिए रास्ता तैयार किया।

फोन पर मिली पुरस्कार की खबर

82 वर्षीय फ्रांसिस हाल्जेन ने मंगलवार को इटली से फोन पर नोबेल समिति से बात की। उन्होंने पुरस्कार मिलने पर कहा कि यह उनके लिए बड़ा सरप्राइज था और उन्हें इसकी उम्मीद नहीं थी। हाल्जेन अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ विस्कॉन्सिन-मैडिसन से जुड़े हुए हैं।

दक्षिणी ध्रुव पर स्थित है आइसक्यूब वेधशाला

आइसक्यूब न्यूट्रिनो ऑब्जर्वेटरी अंटार्कटिका के दक्षिणी ध्रुव पर स्थित एक विशाल वैज्ञानिक शोध केंद्र है। यूनिवर्सिटी ऑफ विस्कॉन्सिन-मैडिसन इस परियोजना की प्रमुख संस्था है। हाल्जेन का दक्षिणी ध्रुव पर न्यूट्रिनो पकड़ने से जुड़ा शोध 1980 के दशक से जारी है।

न्यूट्रिनो से ब्रह्मांड को समझने में मिली नई दिशा

न्यूट्रिनो बेहद हल्के और विद्युत रूप से उदासीन उपपरमाण्विक कण होते हैं, जो पदार्थ के साथ बहुत कम संपर्क करते हैं। अंतरिक्ष से आने वाले उच्च-ऊर्जा न्यूट्रिनो का अध्ययन वैज्ञानिकों को ब्रह्मांड की अत्यधिक ऊर्जावान घटनाओं और उनके स्रोतों को समझने में मदद करता है।

इस साल 12 मिलियन स्वीडिश क्रोनर की पुरस्कार राशि

रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने मंगलवार को स्टॉकहोम में भौतिकी के नोबेल पुरस्कार की घोषणा की। इस वर्ष नोबेल पुरस्कार की राशि 12 मिलियन स्वीडिश क्रोनर, यानी करीब 1.2 मिलियन अमेरिकी डॉलर है।

नोबेल पुरस्कारों की घोषणाओं का सिलसिला जारी

इस वर्ष के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा सोमवार को चिकित्सा के नोबेल पुरस्कार से शुरू हुई थी। बुधवार को रसायन विज्ञान और गुरुवार को साहित्य के नोबेल पुरस्कार की घोषणा होगी। शुक्रवार को शांति पुरस्कार और अगले सोमवार को अर्थशास्त्र के नोबेल स्मृति पुरस्कार की घोषणा की जाएगी।

(इनपुट- AP)

ये भी पढ़ें-

“मैं शहीद होकर मरना चाहता था”, FlyDubai फ्लाइट के को-पायलट का बड़ा खुलासा, बताया क्या था प्लान

तेल अवीव जाने से पहले फ्लाईदुबई के विमान को मार गिराता इजरायल, रिपोर्ट का दावा- सऊदी अरब ने भी भेजे थे लड़ाकू विमान

https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/10/francis-halzen-1-1791282543.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!