23 सितंबर को खुला एडरॉयट इंडस्ट्रीज (Adroit Industries) का आईपीओ 25 सितंबर को बंद हो गया। कंपनी के आईपीओ को निवेशकों का बंपर सपोर्ट मिला है। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, एडरॉयट इंडस्ट्रीज के 151 करोड़ रुपये के आईपीओ में 78,72,900 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 1,39,22,95,200 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। इस तरह आईपीओ को 176.85 गुना सब्सक्रिप्शन प्राप्त हुआ।
134 रुपये के भाव इश्यू होंगे शेयर
आईपीओ में NII कैटेगरी को सबसे ज्यादा 332.35 गुना, QIB को 195.04 गुना और रिटेल इंवेस्टर्स के हिस्से को 99.81 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। एडरॉयट इंडस्ट्रीज (इंडिया) लिमिटेड के आईपीओ का प्राइस रेंज 126-134 रुपये प्रति शेयर है। हालांकि, निवेशकों को अब 134 रुपये के भाव पर शेयर इश्यू किए जाएंगे।
151 करोड़ रुपये के आईपीओ में जारी किए जाएंगे कुल 1,12,47,000 शेयर
एडरॉयट इंडस्ट्रीज अपने आईपीओ के तहत, 151 करोड़ रुपये में कुल 1,12,47,000 शेयर जारी करेगी। इसमें 133 करोड़ रुपये के 98,97,000 फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी के प्रोमोटर्स अपनी हिस्सेदारी से 18 करोड़ रुपये में 13,50,000 शेयर ओएफएस के जरिए बेचेंगे।
रिटेल निवेशकों को एक लॉट में मिलेंगे 111 शेयर
रिटेल निवेशकों को एक लॉट में 111 शेयर मिलेंगे, जिसके लिए कम से कम 14,874 रुपये का निवेश किया गया है। रिटेल निवेशक इस आईपीओ में अधिकतम 13 लॉट के लिए बोली लगा सकते थे, जिसके लिए उन्हें 1,93,362 रुपये का निवेश करना था और इस रकम में उन्हें 1443 शेयर मिलेंगे।
शेयर बाजार में 30 सितंबर को लिस्ट होगी कंपनी
आईपीओ बंद होने के बाद सोमवार, 28 सितंबर को अब शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा। 29 सितंबर को निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिले थे, उन्हें 29 सितंबर को ही रिफंड भी कर दिया जाएगा। ये एक मेनबोर्ड आईपीओ है, जो 30 सितंबर को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होगा।
47 रुपये पर पहुंचा GMP Price
आईपीओ के जीएमपी प्राइस ट्रैक करने वाली वेबसाइट investorgain.com के मुताबिक, 26 सितंबर को ग्रे मार्केट में एडरॉयट इंडस्ट्रीज के शेयर 47 रुपये (35.07 प्रतिशत) के जीएमपी (ग्रे मार्केट प्रीमियम) प्राइस के साथ ट्रेड कर रहे थे। बताते चलें कि कंपनी के शेयरों के लिए ये अभी तक का सर्वाधिक ग्रे मार्केट प्रीमियम है। हालांकि, लिस्टिंग के समय इसमें उतार-चढ़ाव भी हो सकता है।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/ipo-magnific-indiatv-1-1790396114.jpg










