पिछले हफ्ते ₹6629 महंगी हुई चांदी, सोने के भाव में ₹1597 की तेजी- जानें इस हफ्ते भी जारी रहेगी तेजी या आएगी गिरावट

अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड यील्ड में उतार-चढ़ाव, पश्चिम एशिया संघर्ष और कच्चे तेल की कीमतों में जारी तेजी के बीच इस हफ्ते भी सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस हफ्ते सोना एक सीमित दायरे में रहते हुए कारोबार कर सकता है। मॉनेटरी पॉलिसी और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों से भरे सप्ताह के बाद अब निवेशकों का ध्यान नए आर्थिक आंकड़ों पर रहेगा। इनमें प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं की मैन्यूफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर के खरीद प्रबंधक सूचकांक (PMI) के आंकड़े शामिल हैं। 

इन प्रमुख आंकड़ों पर रहेगी निवेशकों की नजर

एक्सपर्ट्स ने कहा कि सप्ताह के आखिर में जारी होने वाले यूएस हाउसिंग मार्केट, ड्यूरेबल कंज्यूमर गुड्स के ऑर्डर और उपभोक्ता धारणा से जुड़े आंकड़ों पर भी पैनी नजर रखी जाएगी। इससे मॉनेटरी पॉलिसी यानी मौद्रिक नीति के भावी परिदृश्य और सर्राफा की मांग के संकेत मिल सकेंगे। 

पिछले हफ्ते 6629 रुपये महंगी हुई थी चांदी

बताते चलें कि पिछले हफ्ते मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अक्टूबर की डिलिवरी वाला सोना 1597 रुपये यानी 1.04 प्रतिशत की तेजी के साथ 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं दूसरी ओर, चांदी का वायदा भाव 6629 रुपये यानी करीब 3 प्रतिशत की बढ़त लेकर 2.41 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया था। 

निचले स्तर पर खरीदारी से सोने को मिला सपोर्ट

एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी ने कहा, ”एमसीएक्स पर सोना पिछले हफ्ते 1.5 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब कमजोरी के साथ खुला था, लेकिन निचले स्तर पर खरीदारी का समर्थन मिलने से ये 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया।” उन्होंने कहा कि ये सुधार तेज उतार-चढ़ाव के उस दौर के बाद देखने को मिला है, जब बाजार प्रमुख वृहद आर्थिक और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के असर का आकलन कर रहे थे।

COMEX पर मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ था सोना

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में न्यूयॉर्क के COMEX पर दिसंबर की डिलीवरी वाला सोना मामूली बढ़त के साथ 4424.9 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ, जबकि चांदी 3 प्रतिशत की मजबूती के साथ 67.15 डॉलर प्रति औंस पर रही। 

लगातार तीसरे हफ्ते मजबूत बनी रहीं सोने की कीमतें

जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी और करेंसी रिसर्च) प्रणव मेर ने कहा, ”सोना वायदा में लगातार स्थिरता बनी हुई है और कीमतें लगातार तीसरे सप्ताह मजबूत दायरे में टिकी रहीं। हालांकि, पिछले दो कारोबारी सत्रों में निचले स्तर पर कुछ लिवाली देखी गई, जिससे सप्ताह का समापन बढ़त के साथ हुआ।” 

ये भी पढ़ें

26-27 सितंबर को बैंकों की छुट्टी, 28 से 30 तक 3 दिन की हड़ताल करेंगे कर्मचारी, 9 दिनों में सिर्फ 2 दिन होगा कामकाज



https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/gold-afp-1789953682.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!