कर्नाटक के दावणगेरे में अनागोडा के पास नेशनल हाईवे 48 पर एक गाड़ी की टक्कर से तेंदुआ गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मचारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर (RFO) और असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट्स (ACF) आनंद बी. को जानकारी दी। अधिकारियों को तेंदुआ जिंदा मिला, लेकिन गंभीर चोटों, खासकर बाईं आंख और कूल्हे पर लगी चोट के कारण वह ठीक से हिल-डुल नहीं पा रहा था। हालांकि, तेंदुए ने अचानक से अधिकारियों पर हमला कर दिया।
तेंदुए ने अचानक बोला हमला
तेंदुए के घायल होने के बाद बचाव कार्य के लिए अधिकारियों ने हम्पी जू के DCF से मदद मांगी, जिन्होंने ट्रैंक्विलाइजर गन के साथ एक एनेस्थेटिस्ट डॉक्टर को भेजा। मौके पर 20 से ज्यादा वन कर्मियों को तैनात किया गया और सड़क पर ट्रैफिक को कुछ समय के लिए रोक दिया गया। ऑपरेशन के दौरान, बेहोश करने की प्रक्रिया के बीच तेंदुआ थोड़ी देर के लिए जाग गया और वन कर्मियों पर हमला कर दिया। उसने एक कर्मचारी को घायल कर दिया, लेकिन आस-पास की भीड़ के कारण वह जल्द ही फिर से थककर शांत हो गया। जानकारी के अनुसार, तेंदुए और घायल कर्मचारी दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कर्मचारी की हालत स्थिर
सामने आई जानकारी के अनुसार, घायल कर्मचारी की हालत अभी स्थिर है और उसे एक दिन की मेडिकल निगरानी में रखा गया है। इस बीच, तेंदुए को सफलतापूर्वक पकड़कर पिंजरे में डाल दिया गया और मेडिकल इलाज व आगे की जांच के लिए भेज दिया गया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उसे सुरक्षित रूप से वापस जंगल में कब छोड़ा जा सकता है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।
अमरावती में आदमखोर बाघिन की मौत
आपको बता दें कि महाराष्ट्र के अमरावती में भी 3 लोगों की जान लेने वाली एक आदमखोर बाघिन को वन विभाग ने पकड़ लिया। हालांकि, जब बाघिन को ट्रेंकुलाइज करने के बाद इलाज के लिए ले जाया जा रहा था तो उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। इस घटना ने अधिकारियों को चौंका दिया है। वन विभाग ने अब इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- बहराइच में तेंदुए का तांडव, रात में नल पर पानी पीने गए 9 साल के मासूम की दर्दनाक मौत
सो रहे कुत्ते पर तेंदुए ने किया हमला, आगे जो हुआ वो जानने के लिए देखिए वायरल Video









