कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के कोरमंगला इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस स्टेशन से 400 मीटर की दूरी पर एक ऑडी कार के अंदर शख्स का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान 46 वर्षीय सलीम अकबर के रूप में की गई है, जो कोडगु जिले का रहने वाला था। स्थानीय लोगों ने रविवार की सुबह कार के अंदर उसे बेसुध हालत में देखने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी थी। वहीं पुलिस की टीम ने बताया कि फिलहाल मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पता चला कि शख्स अपनी कार से रात करीब ढाई बजे फास्ट फूड की दुकान के सामने पहुंचा था।
कार में मिला शव
दरअसल, रविवार सुबह बेंगलुरु के कोरमंगला में स्थानीय पुलिस स्टेशन से सिर्फ 400 मीटर की दूरी पर खड़ी एक ऑडी कार के अंदर 46 साल का एक व्यक्ति मृत पाया गया। मृतक की पहचान कोडगु जिले के रहने वाले सलीम अकबर के तौर पर हुई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब 8:00 बजे स्थानीय लोगों ने लग्ज़री गाड़ी के अंदर एक व्यक्ति को बेसुध हालत में बैठे देखा और कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पुष्टि की कि सलीम अकबर की मौत हो चुकी है। बाद में इलाके के CCTV फुटेज की जांच से पता चला कि गाड़ी कोरमंगला के 8वें ब्लॉक में सागर फास्ट फूड के सामने रात करीब 2:30 बजे आकर रुकी थी।
जांच में जुटी पुलिस
शुरुआती जांच से पता चलता है कि सलीम अकबर की मौत शायद अचानक स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण हुई। हालांकि जांचकर्ताओं ने फिलहाल किसी गड़बड़ी (फाउल प्ले) की आशंका को खारिज किया है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि मौत की सही वजह का पता विस्तृत पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही चलेगा। फिलहाल घटना के बाद कोरमंगला पुलिस ने अप्राकृतिक मौत की रिपोर्ट (UDR) दर्ज की है। वहीं दूसरी तरफ मृतक के परिजनों को भी इस मामले की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें-
सीतामढ़ी के स्कूल में 9वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत, ऊपरी मंजिल पर फंदे से लटकता मिला शव









