एशियन गेम्स 2026 में भारत के एमएमए (MMA) खिलाड़ी वरुण सान्याल बिना खेले ही प्रतियोगिता से बाहर हो गए। 77 किलो वर्ग के मैच से पहले वे अपना वजन घटाने के लिए सॉना बाथ ले रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें जांच के बाद खेलने के लिए अनफिट घोषित कर दिया। न्यूज एजेंसी PTI की खबर के मुताबिक अब वे ठीक हैं और खतरे से पूरी तरह बाहर हैं। एशियन गेम्स में आज पहले दिन का खेल जारी है।
अब खतरे से बाहर हैं वरुण सान्याल
भारतीय एमएमए स्पोर्ट्स फेडरेशन के अध्यक्ष निखिल कुंदेरा ने PTI के हवाले से बताया कि खुशकिस्मती से नेपाल के एक खिलाड़ी ने वरुण को बेहोश देखकर उन्हें जगाया। इसके बाद वरुण ने कॉल किया और फिर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। ज्यादा चिंता की कोई बात नहीं थी, इसलिए देर रात करीब 3 बजे वह वापस होटल आ गए। अब उनकी हालत बिल्कुल ठीक है और वे खतरे से बाहर हैं।
वरुण सान्याल की मुसीबतें सिर्फ वजन घटाने तक ही सीमित नहीं थीं। एशियन गेम्स के लिए नगोया पहुंचने पर उन्हें रहने के लिए कमरा पाने में भी भारी मशक्कत करनी पड़ी। लंदन से मुंबई और सिंगापुर होते हुए थका देने वाले लंबे सफर के बाद वे पहुंचे थे, लेकिन सिस्टम में नाम दर्ज न होने के कारण उन्हें कमरे के लिए 10 घंटे से भी ज्यादा समय तक यहां-वहां भटकना पड़ा। जब आखिरकार उन्हें कमरा मिला, तब भी समस्या हल नहीं हुई क्योंकि दो अन्य भारतीय खिलाड़ियों को भी वही कमरा अलॉट कर दिया गया था।
77 किलो वर्ग के क्वार्टर फाइनल मैच में खेलने वाले थे वरुण सान्याल
वरुण सान्याल को 77 किलो वर्ग के क्वार्टर फाइनल मैच में उतरना था लेकिन वे न तो अपना तय वजन हासिल कर पाए और न ही डॉक्टरों की जांच में खेलने के लिए फिट पाए गए। इस वजह से वे बिना एक भी मैच खेले ही एशियन गेम्स से बाहर हो गए। इस घटना ने एशियन गेम्स की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि नगोया (जापान) में कई अन्य खिलाड़ियों को भी कमरे मिलने में देरी और रहने-सहने से जुड़ी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
यह भी पढ़ें
Source link
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/india-tv-2026-09-20t151927-1789897683.jpg








