जाते-जाते मानसून फिर दिखाएगा तेवर, आज कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट; मौसम विभाग की चेतावनी

मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन जाते-जाते बारिश अभी भी कई राज्यों में अपना असर दिखा रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार यानी 22 सितंबर को देश के कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इस बीच, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र भी मौसम का मिजाज बदल सकता है। IMD के अनुसार, अगले 48 घंटे में यह सिस्टम डिप्रेशन और फिर डीप डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके 23 सितंबर की सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट के पास पहुंचने की संभावना है। इसका सबसे ज्यादा असर 24 सितंबर को देखने को मिल सकता है। ओडिशा और छत्तीसगढ़ में इस दौरान बहुत भारी बारिश हो सकती है।

यूपी में पूर्वांचल पर नजर

उत्तर प्रदेश में आज पूर्वी हिस्सों में बारिश के आसार हैं। गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र समेत कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। राजधानी लखनऊ में मौसम गर्म रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 24 सितंबर से प्रदेश में बारिश का दायरा बढ़ने के संकेत हैं।

झारखंड में तेज बारिश का अलर्ट

झारखंड में आज कई जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है। रांची, बोकारो, धनबाद, देवघर, गिरिडीह, हजारीबाग समेत कई इलाकों में अलर्ट है। यहां बारिश का दौर 26 सितंबर तक जारी रह सकता है।

दिल्ली में राहत

दिल्ली में फिलहाल बारिश से राहत रहने की उम्मीद है। 22 से 24 सितंबर तक आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है। दिन का तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

उधर, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। आने वाले दिनों में दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से भी मानसून विदा हो सकता है।

पहाड़ों में संभलकर निकलें

उत्तराखंड में 22 से 25 सितंबर के बीच कई जगह बारिश की संभावना है। 25 और 26 सितंबर को बारिश और तेज हो सकती है। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के चलते भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने का खतरा बना हुआ है।

ये भी पढ़ें-

जमुई में बैड टच की शिकार नाबालिग का वीडियो वायरल करने वालों पर शिकंजा, 120 सोशल मीडिया अकाउंट चिह्नित

अलवर में BJP की मेयर बनते ही फूट-फूटकर रो पड़े मंत्री संजय शर्मा, बोले- “पिछली बार मुझे छला गया था”; देखें VIDEO

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!