अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु शर्मा स्टारर ‘मिर्जापुरः द मूवी’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर बवाल काट रही है। इस फिल्म को रिलीज हुए अभी चार ही दिन हुए हैं और इसने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। चार दिन में फिल्म 109 करोड़ से अधिक का नेट कलेक्शन कर चुकी है और अभी भी काफी तेज रफ्तार से भाग रही है। इस बीच दिव्येंदु शर्मा की एक नई सीरीज का टीजर जारी किया गया है, जिसमें ‘मिर्जापुर’ के गुड्डू भैया की बहन डिंपी यानी हर्षिता गौर दिव्येंदु की पत्नी का किरदार निभा रही हैं। इस नई सीरीज का नाम है ‘वेटिंग है’, जो कन्फर्म रेलवे टिकट के नाम पर होने वाली धांधली और धोखाधड़ी का पर्दाफाश करती है।
‘वेटिंग है’ में ‘मिर्जापुर’ के मुन्ना और डिंपी
हाल ही में मेकर्स ने ‘वेटिंग है’ का टीजर जारी किया है, जिसमें दिव्येंदु शर्मा एक रेलवे पुलिसकर्मी की भूमिका में नजर आ रहे हैं और हर्षिता गौर उनकी पत्नी के रोल में नजर आ रहे हैं। दोनों की पेयरिंग के इसलिए भी चर्चे हो रहे हैं क्योंकि ‘मिर्जापुर’ में दिव्येंदु और हर्षिता विरोधी खेमे से हैं, लेकिन नई सीरीज में दोनों पति-पत्नी की भूमिका में दिखाई देंगे। सीरीज में भुवन अरोड़ा भी अहम रोल में हैं। वह एक हैकर की भूमिका में दिखाई देंगे, जो कन्फर्म टिकट के नाम पर धांधली में माहिर है।
‘वेटिंग है’ का टीजर जारी
‘वेटिंग है’ के टीजर की शुरुआत रोजमर्रा की भागदौड़, ट्रैफिक और रेल यात्रा के साथ होती है। इसी बीच एक रेलवे पुलिसकर्मी सुगम मिश्रा (दिव्येंदु शर्मा) की एंट्री होती है, जो टिकट लेने के लिए रेलवे स्टेशन जाता है और जवाब मिलता है- वेटिंग है। सुगम बताता है कि वो रेल पुलिस में है, लेकिन बात नहीं बनती। यहां सुगम मिश्रा खुद को वेटिंग लिस्ट में पाते हैं और कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब सुगम को पता चलता है कि कुछ एजेंट बहुत ही आसानी से टिकट कन्फर्म करा रहे हैं, जबकि आम यात्री वेटिंग में है। जिसके बाद सुगम इस नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुट जाता है।
हैकर-पुलिस और चूहे-बिल्ली का खेल
सीरीज में जहां दिव्येंदु शर्मा पुलिसवाले की भूमिका में हैं तो वहीं भुवन अरोड़ा सुगम नाम हैकर के रोल में नजर आएंगे। जहां हैकर सुगम हमेशा एक कदम आगे रहता है। कई बार दोनों के रास्ते टकराते हैं, लेकिन हर बार हैकर बच निकलता है। जियो स्टूडियो और जार पिक्चर्स प्रोडक्शन के बैनर तले बनी ‘वेटिंग है’ का निर्देशन समीर विद्वंस ने किया है। सीरीज में दिव्येंदु शर्मा, भुवन अरोड़ा और हर्षिता गौर के अलावा विजय मौर्य, सृष्टि तारे, कुमुद मिश्रा और सुनीता राजवार जैसे कलाकार भी अहम भूमिका में दिखाई देंगे।
ये भी पढ़ेंः ‘मिर्जापुरः द मूवी’ में गूंजी नुसरत फतेह अली खान की 49 साल पुरानी कव्वाली, क्लाइमैक्स सीन में फूंकी जान








