‘पंचायत’ के दामाद जी यानी आसिफ खान ने भी रियेलिटी शो बिग बॉस 20 में बतौर कंटेस्टेंट एंट्री ली है और अपने गेम को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। स्काउट, यंग डीएसए, आम्रपाली दुबे और लव गिल के साथ उनकी दोस्ती लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। पिछले दिनों आसिफ का लव के साथ एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसे देखने के बाद उनकी पत्नी उनके बचाव में उतरी थीं। इस बीच आसिफ खान एक और वजह से चर्चा में हैं। दरअसल, एक्टर ने बिग बॉस में एंट्री लेने से पहले मेकर्स के सामने एक शर्त रखी थी, उनकी इसी शर्त को लेकर अब वह चर्चा में हैं। एक्टर ने हाल ही में बताया कि वह अपने धर्म और अल्लाह पर काफी यकीन रखते हैं और समय-समय पर नमाज पढ़ते हैं। ऐसे में उन्होंने शो के मेकर्स के सामने इबादत से जुड़ी एक चीज ले जाने की अनुमति मांगी थी।
बिग बॉस हाउस में जानामाज लेकर पहुंचे आसिफ
आसिफ खान ने हिंदी रश को बताया था कि उन्होंने बिग बॉस हाउस में एंट्री लेने से पहले मेकर्स के सामने अपनी जानामाज साथ ले जाने की शर्त रखी थी। उन्होंने कहा कि अगर मेकर्स उन्हें मना कर देते तो वह शो में एंट्री नहीं लेते, क्योंकि बिग बॉस में धर्म से जुड़ी किसी भी चीज को ले जाने पर पाबंदी है। हालांकि, उन्हें इसकी अनुमति मिल गई। आसिफ के अनुसार, नमाज उनके लिए मानसिक शांति है, इसलिए वह रोज नमाज पढ़ते हैं और इसके बिना वह शो में एंट्री लेने के पक्ष में नहीं थे।
मेरे लिए मेडिटेशन है नमाज- आसिफ खान
आसिफ खान आगे कहते हैं- ‘मेरी जिंदगी में कैसी भी स्थिति आ जाए, कोई मेरा मेंटल पीस खराब नहीं कर सकता। मैंने शो में एंट्री लेने से पहले ही मेकर्स को बता दिया था कि जानामाज लेकर जाऊंगा, नहीं तो नहीं जाऊंगा। मैंने उनसे साफ तौर पर कह दिया था कि अगर मुझे जानामाज लेकर जाने दिया जाएगा तो ही मैं शो करूंगा। मेरे लिए ये मेडिटेशन जैसा है, हर इंसान के लिए कुछ न कुछ होता है। जैसे कोई योगा कर रहा है, कोई राम जप करता है, कोई ध्यान लगा रहा है। हर इंसान का अपना तरीका होता है। मेरे लिए ये तरीका नमाज है। मुझे हर दिन 10-20 मिनट चाहिए होते हैं, उस दौरान मेरे दिमाग में कुछ भी चल रहा हो, मैं ठीक हो जाता हूं।’
वेब सीरीज ‘पंचायत’ से घर-घर में हुए मशहूर
आसिफ खान इन दिनों बिग बॉस 20 में नजर आ रहे हैं और अपने गेम को लेकर काफी सुर्खियां बटोर रहे हैं। आसिफ खान के करियर के बारे में बात करें तो उन्होंने थिएटर में सालों तक काम किया और फिर एक्टिंग में करियर बनाने का सोचा। उन्हें वेब सीरीज ‘पंचायत’ ने घर-घर में पहचान दिलाई। पंचायत में उन्होंने एक अकड़ू दामाद की भूमिका निभाई थी, जो दर्शकों को बेहद पसंद आया था। वहीं बिग बॉस 20 के घर में उन्हें सबसे बदतमीज कंटेस्टेंट का टैग मिला है, अब देखना ये होगा कि आने वाले समय में उनका ये टैग बदलता है या नहीं।
ये भी पढ़ेंः बिग बॉस 20 से कटा ईशा रिखी का पत्ता, बनीं शो से बाहर होने वाली दूसरी कंटेस्टेंट, एलिमिनेट होने पर हुईं भावुक








