रक्षाबंधन के मौके पर भाई के लिए नाश्ते में बनाएं पनीर काठी रोल, खाते ही कहेगा लाजवाब दीदी

रक्षाबंधन का त्योहार बहन-भाई के असीम प्रेम, मीठी नोक-झोक और ढेर सारी खुशियों का प्रतीक है। इस खास दिन पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रेशम की डोरी बांधती हैं और उनकी लंबी उम्र की कामना करती हैं। भाई भी बहनों को जीवनभर रक्षा का वचन और खूबसूरत गिफ्ट देते हैं। ऐसे पावन अवसर पर यदि सुबह के नाश्ते में भाई को उसकी पसंद का कुछ स्पेशल मिल जाए, तो त्योहार का मज़ा दोगुना हो सकता है। अगर आप इस रक्षाबंधन अपने भाई को कुछ चटपटा, स्वादिष्ट और सेहतमंद बनाकर खिलाना चाहती हैं, तो ‘पनीर काठी रोल’ एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। यहां हम आपके लिए पनीर काठी रोल की रेसिपी लेकर आए हैं। नोट करें रेसिपी। 

सामग्री

डो के लिए: 1 कप मैदा या गेहूं का आटा, 1 चम्मच तेल, स्वादानुसार नमक और गुनगुना पानी।

स्टफिंग के लिए: 200 ग्राम पनीर, 1 शिमला मिर्च (लंबे टुकड़ों में कटी), 1 बड़ा प्याज (लच्छों में कटा), 1 टमाटर (बीज निकला और लंबा कटा हुआ)।

मसाले व सॉस: 1/2 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, 1/2 चम्मच हल्दी, 1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1/2 चम्मच गरम मसाला, 1/2 चम्मच चाट मसाला, 2 चम्मच दही, 1 चम्मच नींबू का रस, हरी चटनी, मियोनीज़ या टोमैटो केचप और स्वादानुसार नमक।

बनाने का तरीका

स्टेप 1: एक बर्तन में आटा, नमक और तेल मिलाकर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। इसे ढककर 15 मिनट के लिए रख दें।

स्टेप 2: अब एक बाउल में दही, अदरक-लहसुन पेस्ट, हल्दी, लाल मिर्च, गरम मसाला, चाट मसाला, नींबू का रस और नमक मिलाएं। इसमें पनीर के टुकड़े डालकर 10 मिनट के लिए रख दें।

स्टेप 3: पैन में 1 चम्मच तेल गरम करें। इसमें कटी हुई शिमला मिर्च और प्याज डालकर तेज आंच पर 2 मिनट तक भूनें ताकि सब्जियों का क्रंच बना रहे। अब मैरीनेट किया हुआ पनीर डालें और 3-4 मिनट तक पकाएं।

स्टेप 4: आटे की लोई बनाकर पतली रोटी बेलें और तवे पर दोनों तरफ से थोड़ा तेल या घी लगाकर क्रिस्पी सेक लें।

स्टेप 5: पराठे या रोटी पर सबसे पहले हरी चटनी और मियोनीज़ फैलाएं। बीच में तैयार पनीर और सब्जियों की स्टफिंग रखें। ऊपर से थोड़ा चाट मसाला, कटा कच्चा प्याज और टोमैटो केचप डालें। अब इसे कसकर रोल करें और बटर पेपर या फॉयल में लपेट दें। गरमा-गरम स्वादिष्ट पनीर काठी रोल को हरी चटनी या सॉस के साथ अपने भाई को सर्व करें।

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!