ONGC को ओडिशा तट के पास गहरे समुद्र में मिला गैस का भंडार, 3 दिनों से अच्छे फ्लो और प्रेशर के साथ निकल रही है गैस

पब्लिक सेक्टर की तेल और गैस कंपनी ONGC ने सोमवार को कहा कि उसे ओडिशा तट के पास गहरे समुद्र में प्राकृतिक गैस का भंडार मिला है। व्यावसायिक रूप से व्यावहारिक पाए जाने पर इस खोज का तेजी से विकास और दोहन किया जा सकता है। ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) ने एक बयान में कहा कि कंपनी ने गहरे समुद्री खोज अभियान ‘समुद्र मंथन’ के तहत कोणार्क से करीब 43 किलोमीटर दूर महानदी अपतटीय बेसिन के ‘MN-DW18-1-H-D’ कुएं में 18 सितंबर को ये खोज की। 

पिछले तीन दिनों से अच्छे फ्लो और प्रेशर के साथ निकल रही है गैस

सरकारी तेल और गैस कंपनी ने बताया कि महानदी बेसिन में अभियान के तहत खोदा गया ये उसका पहला कुआं है। इसे 1623 मीटर की लक्षित गहराई तक खोदा गया और 1441 से 1452 मीटर की गहराई पर गैस मिली। ओएनजीसी के अनुसार, कुएं से पिछले तीन दिनों से गैस निकल रही है और इसका फ्लो तथा प्रेशर उत्साहजनक बना हुआ है। हालांकि, ये खोज आगे के मूल्यांकन और व्यावसायिक आकलन के अधीन है। 

तेजी से किया जा सकता है नई खोज का मौद्रीकरण

ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन ने कहा कि ओडिशा तट से अपेक्षाकृत कम दूरी होने के कारण इस खोज का तेजी से मौद्रीकरण किया जा सकता है, बशर्ते ये व्यावसायिक रूप से व्यावहारिक साबित हो। बयान के मुताबिक, ऐसे विकास को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियम, 2025 के तहत मदद मिल सकती है। इस नियम के तहत साझा बुनियादी ढांचे के जरिये क्षेत्र के गहरे समुद्री संसाधनों को उत्पादन में लाया जा सकता है।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस साल 25 जुलाई को शुरू की थी कुएं की खुदाई

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने 25 जुलाई, 2026 को इस कुएं की खुदाई शुरू की थी। ये खोज ONGC के डीपवॉटर एक्सप्लोरेशन प्रोग्राम और भारत के अपने हाइड्रोकार्बन रिसोर्स बेस को बढ़ाने के प्रयासों को मजबूत करती है। इस इलाके में हुई दूसरी खोजों के साथ-साथ, ये खोज भी PNG रूल्स, 2025 के तहत साझा सुविधाओं के जरिए विकास के लिए एक विकल्प हो सकती है, जिससे डीपवॉटर रिसोर्स का उत्पादन शुरू किया जा सकेगा।

ये भी पढ़ें

सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट, कच्चे तेल का भाव भी टूटा



https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/gas-ongc-1790040355.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!