ताशकंद में PM मोदी ने लाल बहादुर शास्त्री को दी श्रद्धांजलि, रवाना हुए किर्गिजस्तान

ताशकंद: पीएम मोदी उज्बेकिस्तान के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने रविवार को ताशकंद में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सम्मान में शास्त्री मेमोरियल पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा उन्होंने उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ मिलकर एक पेड़ भी लगाया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि शास्त्री का ” ‘जय जवान, जय किसान’ का सदाबहार नारा पीढ़ियों को प्रेरित करता रहता है”। विदेश मंत्रालय ने कहा कि उनका “जीवन सादगी, साहस और देश के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक था।” बता दें कि भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का 11 जनवरी 1966 को उज़्बेक राजधानी ताशकंद में अचानक निधन हो गया था। यह घटना 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध को समाप्त करने के लिए ऐतिहासिक ताशकंद समझौते पर हस्ताक्षर करने के कुछ ही घंटों बाद हुई थी।

पीएम मोदी और मिर्जियोयेव ने संयुक्त रूप से लगाया पेड़

विदेश मंत्रालय ने ‘X’ पर पोस्ट में बताया कि कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने भारत की “एक पेड़ मां के नाम” पहल और उज़्बेकिस्तान के “यशिल माकोन” (ग्रीन) प्रयासों के तहत राष्ट्रपति भवन के बगीचे में संयुक्त रूप से एक पेड़ भी लगाया। मंत्रालय ने कहा, “यह कदम एक हरित और अधिक टिकाऊ भविष्य को संवारने के प्रति भारत और उज़्बेकिस्तान की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।” यह वृक्षारोपण समारोह पीएम मोदी की उज़्बेकिस्तान की दो दिवसीय राजकीय यात्रा के हिस्से के रूप में कुक्सारॉय राष्ट्रपति भवन में मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल-स्तर की बातचीत के बाद हुआ।

द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी पर हुई चर्चा

दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा की। इसमें व्यापार और निवेश, नवाचार और स्टार्ट-अप, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा और UPI, रक्षा और सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा और फार्मास्यूटिकल्स, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि, शिक्षा, पर्यटन, अंतरिक्ष और लोगों के बीच आदान-प्रदान जैसे विषय शामिल थे। बातचीत के दौरान, दोनों पक्षों ने अपनी द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक ले जाने का निर्णय लिया। उन्होंने 2030 तक 5 अरब अमेरिकी डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार लक्ष्य निर्धारित करने पर भी सहमति व्यक्त की और आर्थिक तथा निवेश संबंधों को गहरा करने के लिए एक व्यापार शिखर सम्मेलन आयोजित करने का आह्वान किया।

किर्गिजस्तान रवाना हुए पीएम मोदी

फिलहाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उज़्बेकिस्तान से किर्गिज़स्तान के लिए रवाना हो गए हैं। किर्गिजस्तान में पीएम मोदी 26वें SCO शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आज बिश्केक पहुंचेंगे। पीएम मोदी 31 अगस्त से 1 सितंबर तक किर्गिज़स्तान में रहेंगे।

यह भी पढ़ें-

‘उज्बेकिस्तान से ट्रेड 5 गुना बढ़ाने, टेररिज्म के खिलाफ जीरो टॉलरेंस और डिफेंस में सहयोग पर हुई बात’, बोले PM मोदी

https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/08/untitled-2026-08-30t195419-1788099990.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!