PM मोदी को आया UAE के राष्ट्रपति जायद अल नाहयान का फोन, जानें क्या हुई बात

संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने आज (शुक्रवार को) PM मोदी से फोन पर बात की। UAE के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। बातचीत में दोनों नेताओं ने भारत-UAE व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के नए उपायों पर चर्चा की। इसमें एनर्जी, डिफेंस, टेक्नोलॉजी, इनवेस्टमेंट और हेल्थ स्वास्थ्य जैसे क्षेत्र शामिल रहे।

PM मोदी ने UAE के राष्ट्रपति के प्रति जताया आभार

पीएम मोदी ने इस बातचीत को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट भी किया है। अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री ने लिखा, ‘मेरे भाई, UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का फोन करने और जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए मैं आभारी हूं। हमने हमारी द्विपक्षीय व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की और क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।’

ब्रिक्स की सफल अध्यक्षता की दी बधाई

प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, UAE के राष्ट्रपति ने भारत की सफल BRICS अध्यक्षता के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने BRICS समिट में क्राउन प्रिंस शेख खालिद की भागीदारी और भारत की अध्यक्षता में ठोस परिणाम हासिल करने में UAE के सहयोग और साझेदारी की तारीफ की।

क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को लेकर हुई बात

इस दौरान, UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और PM मोदी ने पश्चिम एशिया में हो रही घटनाओं पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने की कोशिशों में लगातार सहयोग और समन्वय बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।

मिडिल-ईस्ट में तनाव के बीच आई फोन कॉल

गौरतलब है कि UAE के राष्ट्रपति का फोन, PM मोदी को ऐसे समय में आया है जब मिडिल-ईस्ट में लगातार तनाव बना हुआ है। पहले तो सिर्फ होर्मुज बंद थी और अब बाब अल-मन्दब पर भी खतरा मंडरा रहा है। हूती लगातार यमन की सरकार को हराते हुए आगे बढ़ रहे हैं और उन्होंने बाब अल-मन्दब में मयून समेत कई आईलैंड्स पर कब्जा जमा लिया है। बाब अल-मन्दब स्ट्रेट की अहमियत आप इस बात से समझ सकते हैं कि इसके जरिए दुनिया का करीब 12 फीसदी व्यापार होता है।

ये भी पढ़ें- अबू धाबी ने भारतीय पर्यटकों के लिए लॉन्च किया फ्री यूएई वीजा ऑफर, अब UAE जाना होगा और भी आसान!

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!