ओडिशा के पुरी जिले के गोपालपुर गांव में शुक्रवार को पुलिस की एक बड़ी कार्रवाई के दौरान लाखों रुपये की नकदी और करीब एक क्विंटल गांजा बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस गांजा बरामद करने के लिए एक घर में पहुंची थी, लेकिन तलाशी के दौरान वहां छिपाकर रखे गए काफी संख्या में नोटों के बंडल भी मिले। बताया जा रहा है कि पुलिस को इस घर से करीब 176 पैकेट गांजा बरामद होने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की थी। इतना कैश मिला कि गिनते गिनते कैश काउंटिंग मशीन भी हांफने लगी।
छापेमारी में मिले करोड़ों रुपये
जानकारी के मुताबिक, पुलिस जब गांजा बरामद करने के लिए किराए के मकान में पहुंची, तो तलाशी के दौरान वहां छिपाकर रखे गए नकदी के बंडल भी मिले। इन नकदी के बंडलों की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। हालांकि, बरामद नकदी की सटीक राशि और इसे कहां से लाया गया था, इस संबंध में जांच अभी जारी है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान कार्तिकेश्वर सामंतराय और देवेंद्र साहू नाम के दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
देखें वीडियो
गांजे की सप्लाई की हो रही जांच
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गांजा उन्हें कहां से मिलता था, इसे कहां-कहां सप्लाई किया जाता था और बरामद नकदी का इस कारोबार से क्या संबंध है। दो लोगों ने इलाके में फार्मेसी कॉलेज के पास ठेकेदार चंद्रध्वज पात्र का मकान किराए पर लिया था। आरोप है कि दोनों इस किराए के मकान का इस्तेमाल गांजा से जुड़ी गतिविधियों के लिए कर रहे थे। पुलिस को विशेष सूत्र से उनके कथित गांजा कारोबार के बारे में जानकारी मिली थी। सूचना मिलने के बाद पेंठकटा पुलिस ने किराए के मकान पर छापेमारी की।
एक क्विंटल के करीब गांजा बरामद
पुलिस की कार्रवाई के दौरान करीब 176 अलग-अलग पैकेट में गांजा बरामद किया गया। इसकी कुल मात्रा करीब एक क्विंटल बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी गांजा को अलग-अलग पैकेट में पैक करके सप्लाई करते थे। जांच के दौरान पुलिस को यह जानकारी भी मिली कि आरोपियों ने अलग-अलग जगहों पर कथित तौर पर गांजा रखने के लिए डिपो बना रखे थे। पुलिस को जानकारी मिली है कि दोनों आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर गांजा रखने के लिए डिपो बना रखे थे।
पुरी के एसपी प्रतीक सिंह के मुताबिक, पुलिस को जानकारी मिली थी कि दो लोग किराए के मकान का इस्तेमाल गांजा से जुड़ी गतिविधियों के लिए कर रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों के खिलाफ पहले भी नशीली दवाओं से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने के रिकॉर्ड होने की जानकारी मिली है।
(ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)









