कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर छोले-भटूरे की एक तस्वीर शेयर की। तस्वीर के साथ उन्होंने भारतीयों के खान-पान को लेकर अपनी बात रखी और मांसाहारी भोजन का भी जिक्र किया।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “जानकारी के लिए बता दें कि 80% भारतीय मांसाहारी हैं। भारतीय मांसाहारी खाना बहुत स्वादिष्ट होता है। और मेरी बहन के छोले-भटूरे भी।” उनकी पोस्ट से मालूम होता है कि ये छोले-भटूरे उनकी बहन और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने बनाए हैं।
मलेशियाई पीएम से मिले राहुल-प्रियंका
इससे पहले, राहुल गांधी ने आज मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच नाश्ते पर हुई इस मुलाकात में भारत और मलेशिया के बीच संबंधों को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। कांग्रेस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की अनवर इब्राहिम के साथ मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं।
राहुल गांधी और अनवर इब्राहिम की यह मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मलेशियाई प्रधानमंत्री के बीच एक दिन पहले हुई बातचीत के बाद हुई है। पीएम मोदी और इब्राहिम के बीच हुई वार्ता में व्यापार, सेमीकंडक्टर, बुनियादी ढांचे और रक्षा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग पर विशेष रूप से चर्चा हुई थी। दोनों प्रधानमंत्रियों की यह बैठक नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर हुई थी। मलेशिया ब्रिक्स समूह का साझेदार देश है।
बता दें कि BRICS शिखर सम्मेलन का आज दूसरा और आखिरी दिन है। पहले दिन इस समिट में शामिल देशों के राष्ट्राध्यक्षों के सम्मान में भारत मंडपम में डिनर का आयोजन किया गया था। इस दौरान मौजूद मेहमानों को भारतीय संस्कृति, विविधता और समृद्ध स्वाद का अनूठा संगम देखने को मिला। मेहमानों के लिए तैयार किए गए खास शाकाहारी मेनू में उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत और पश्चिम से लेकर पूर्वी भारत तक के पारंपरिक भारतीय व्यंजनों को एक आधुनिक और शाही अंदाज़ में पेश किया गया।
मेहमानों को स्टार्टर्स के तौर पर खांडवी मिल-फॉय और खुंब गलौटी परोसी गई। खांडवी मिल-फॉय को को राई, नारियल और कड़ी पत्ते का तड़का लगाकर तैयार किया गया। इसे केसरिया आम, माइक्रो-ग्रीन्स और दही की ड्रेसिंग के साथ आधुनिक अंदाज में परोसा गया। यह गुजरात का पारम्परिक व्यंजन है। वहीं अवधी शैली में बने मशरूम के बेहद नर्म कबाब खुंब गलौटी को मिंट पर्ल्स (पुदीने की गोलियों) के साथ शीरमाल ब्रेड पर रखकर परोसा गया। वहीं मेन कोर्स में पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, कैरेट बीन पोरीयल, तक्कली बेले सारू , मिल्लेट पुलाव, बीटरूट रायता और भारतीय रोटियों और नान की विविध टोकरी परोसी गई।
ये भी पढ़ें-
मुंबई के ट्रैफिक जाम में फंसे नितिन गडकरी, बोले- “इसके लिए मैं जिम्मेदार हूं”
BRICS Summit का दूसरा दिन आज, PM मोदी की 7 अहम द्विपक्षीय बैठकें; जानें पूरा शेड्यूल









