हरिद्वार को रेलवे ने दी 3 नई ट्रेनों की सौगात, द्वारका-सोमनाथ तक सीधी ट्रेन; दिल्ली से गरीब रथ का विस्तार

हरिद्वार आने-जाने वाले यात्रियों और देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने कनेक्टिविटी बढ़ाने की बड़ी घोषणा की है। हरिद्वार को अब मुंबई, गुजरात के सोमनाथ और भगवान श्रीकृष्ण की नगरी द्वारका से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। रेल मंत्रालय ने कुल तीन ट्रेनों के संचालन/विस्तार को मंजूरी दी है। इससे उत्तराखंड और पश्चिम भारत के बीच यात्रा आसान होने की उम्मीद है।

रेल मंत्रालय ने 12216/12215 बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का विस्तार हरिद्वार तक करने को मंजूरी दी है। पहले यह ट्रेन बांद्रा टर्मिनस से दिल्ली सराय रोहिल्ला तक चलती थी। अब इसके हरिद्वार तक विस्तार से मुंबई और दिल्ली से हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को किफायती एसी ट्रेन का विकल्प मिलेगा। इस फैसले से महाराष्ट्र और उत्तराखंड के बीच सीधा रेल संपर्क भी मजबूत होगा। खासतौर पर हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को दिल्ली में ट्रेन बदलने की जरूरत कम होगी।

सोमनाथ के लिए हरिद्वार से सीधी ट्रेन

हरिद्वार को 14326/14325 हरिद्वार-वेरावल एक्सप्रेस की भी सौगात मिली है। यह ट्रेन उत्तराखंड को गुजरात के वेरावल से जोड़ेगी, जहां से सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए यात्रियों को सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन बुधवार और रविवार को हरिद्वार से सुबह 4 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:15 बजे वेरावल पहुंचेगी। वापसी में यह गुरुवार और सोमवार को सुबह 11:05 बजे वेरावल से चलेगी और अगले दिन शाम 6 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।

द्वारका के लिए भी सीधी ट्रेन

इसके अलावा 14328/14327 हरिद्वार-ओखा एक्सप्रेस भी शुरू होगी। यह ट्रेन हरिद्वार को गुजरात के ओखा से जोड़ेगी, जिससे द्वारका जाने वाले यात्रियों को सीधा रेल विकल्प मिलेगा। यह ट्रेन हर शुक्रवार सुबह 4 बजे हरिद्वार से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:15 बजे ओखा पहुंचेगी। वापसी में ओखा से शनिवार को ट्रेन चलेगी।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों को फायदा

हरिद्वार, सोमनाथ और द्वारका देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल हैं। नई ट्रेनों से श्रद्धालुओं के साथ-साथ पर्यटकों, कारोबारियों और छात्रों को भी फायदा मिल सकता है। यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली, जयपुर, अजमेर और राजकोट जैसे प्रमुख स्टेशनों पर सफाई और पानी भरने की विशेष व्यवस्था भी की गई है। इस नई कनेक्टिविटी से उत्तराखंड, महाराष्ट्र और गुजरात के बीच रेल नेटवर्क मजबूत होगा और धार्मिक पर्यटन को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- मुंबई से नासिक, भुसावल, खंडवा, इटारसी, कटनी, सतना के रास्ते बनारस तक चलेगी स्पेशल ट्रेन, चेक करें पूरा रूट और टाइम टेबल



https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/10/special-train-1791254822.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!