भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने, ट्रेनों की आवाजाही को आसान बनाने और माल ढुलाई की क्षमता मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने कुल ₹675 करोड़ की तीन अहम परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद मंडल में कवच 4.0, पश्चिम बंगाल के आद्रा-जॉयचंडीपहाड़ बाईपास और बिहार के समस्तीपुर मंडल में आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम शामिल हैं।
मुरादाबाद मंडल में ₹170 करोड़ से लगेगा कवच 4.0
रेलवे ने उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के बचे हुए 712 रूट किलोमीटर हिस्से में कवच 4.0 लगाने के लिए ₹170 करोड़ मंजूर किए हैं। स्वदेशी ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम से ट्रेनों की सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा। कवच ट्रेन को खतरे की स्थिति में सुरक्षित रखने में मदद करता है। यह सिग्नल पार करने की स्थिति में ट्रेन को रोकने, जरूरत पड़ने पर अपने आप ब्रेक लगाने और निर्धारित गति को नियंत्रित करने में मदद करता है। इससे टक्कर जैसे गंभीर हादसों का जोखिम कम किया जा सकता है।
बिहार के समस्तीपुर में 21 स्टेशनों की बदलेगी सिग्नलिंग
रेलवे ने पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल के 21 स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग लगाने के लिए ₹233 करोड़ मंजूर किए हैं। इसके तहत पुराने पैनल इंटरलॉकिंग सिस्टम को आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम से बदला जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग कंप्यूटर आधारित तकनीक है, जो सिग्नलिंग को ज्यादा भरोसेमंद बनाती है। इससे खराबी का पता लगाने, रखरखाव और ट्रेन संचालन को बेहतर तरीके से संभालने में मदद मिलेगी। साथ ही, यह सिस्टम आगे Kavach लागू करने के लिए भी जरूरी आधार तैयार करेगा।
आद्रा-जॉयचंडीपहाड़ के बीच बनेगी 11 किमी बाईपास लाइन
दक्षिण पूर्व रेलवे में आद्रा और जॉयचंडीपहाड़ के बीच 11 किलोमीटर लंबी बाईपास लाइन बनाने के लिए ₹272 करोड़ की मंजूरी दी गई है। इस परियोजना का सबसे बड़ा फायदा मालगाड़ियों की आवाजाही को मिलेगा। बाईपास बनने से मौजूदा रूट पर ट्रेनों की भीड़ और परिचालन संबंधी रुकावट कम होने की उम्मीद है। इससे औद्योगिक माल की ढुलाई ज्यादा सुचारु हो सकेगी। परियोजना के पूरा होने के बाद अतिरिक्त माल यातायात को संभालने की क्षमता भी बढ़ेगी।
सुरक्षा से लेकर माल ढुलाई तक होगा फायदा
इन तीनों परियोजनाओं का उद्देश्य अलग-अलग है, लेकिन इनका बड़ा लक्ष्य रेलवे नेटवर्क की क्षमता और सुरक्षा को मजबूत करना है। मुरादाबाद में कवच से ट्रेन सुरक्षा बढ़ेगी, समस्तीपुर में आधुनिक सिग्नलिंग से संचालन बेहतर होगा और आद्रा-जॉयचंडीपहाड़ बाईपास से मालगाड़ियों की आवाजाही आसान होगी।
यह भी पढ़ें- नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच रेल सेक्शन की शुरुआत, वाराणसी सिटी के लिए रवाना हुई उद्घाटन स्पेशल ट्रेन
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/railway-projectss-1788248272.jpg










