सूडान में 7 दिन के भीतर दूसरी गोल्ड माइन धंसी, 11 मजदूरों की मौत, 30 घायल

भीषण गृहयुद्ध की आग में झुलस रहे सूडान में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार सोने की खदान धंसने से बड़ा हादसा हुआ है। सूडान के उत्तर-पूर्वी हिस्से के रेड सी राज्य में खदान की सुरंग ढहने से कम से कम 11 खनिकों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हो गए। मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश जारी है। इससे एक सप्ताह पहले पश्चिमी सूडान में खदान धंसने से 82 लोगों की मौत हुई थी।

शनिवार रात से शुरू हुआ हादसा

यह हादसा रविवार को रेड सी राज्य के दूरदराज के इलाके ओनी में हुआ। स्थानीय कर्मचारी अब्दलहाय खारिफ अबाकर के अनुसार, खदान धंसने की घटना शनिवार रात शुरू हुई थी। राज्य की स्वामित्व वाली सूडानी मिनरल रिसोर्सेज कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार तक 11 शव बरामद किए जा चुके थे और 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारी ने अपनी पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर जानकारी दी, क्योंकि उन्हें मीडिया से बात करने की अनुमति नहीं थी। कंपनी ने एक बयान जारी कर हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना जताई, लेकिन मृतकों या घायलों की संख्या के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

एक सप्ताह में दूसरी बड़ी खदान दुर्घटना

सूडान में इस तरह की यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी खदान दुर्घटना है। इससे एक सप्ताह पहले देश के पश्चिमी हिस्से में एक अन्य सोने की खदान की कई सुरंगें धंसने से कम से कम 82 लोगों की मौत हुई थी। वह क्षेत्र अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) के नियंत्रण में है।

सूडान सोने का प्रमुख उत्पादक देश है और यहां हजारों छोटी और अनौपचारिक खदानें संचालित होती हैं। इन खदानों में सुरक्षा मानकों का व्यापक रूप से पालन नहीं होने के कारण हादसे आम हैं। कुछ महीने पहले, सूडान में सोने की खदान को लेकर हुए विवाद में अज्ञात बंदूकधारियों ने 70 से अधिक लोगों की हत्या कर दी थी।

गृहयुद्ध से जूझ रहा सूडान

सूडान अप्रैल 2023 से सेना और RSF के बीच जारी भीषण युद्ध से जूझ रहा है। आर्म्ड कॉन्फ्लिक्ट लोकेशन एंड इवेंट डेटा (ACLED) के अनुसार, संघर्ष में कम से कम 59,000 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, सहायता संगठनों का कहना है कि यह आंकड़ा वास्तविक मौतों से काफी कम हो सकता है।

संयुक्त राष्ट्र के लिए काम करने वाले विशेषज्ञों के अनुसार, सूडान से बड़ी मात्रा में सोने की तस्करी की गई है और इससे प्राप्त धन का इस्तेमाल RSF की गतिविधियों को वित्तपोषित करने में किया गया है। RSF का दारफुर और कोर्डोफान क्षेत्रों के कुछ सोना उत्पादक इलाकों पर नियंत्रण है।

(इनपुट- AP)

ये भी पढ़ें-

इटली के स्कूलों में बुर्का और नकाब पहनने पर लग सकता है प्रतिबंध, जॉर्जिया मेलोनी ने किया प्रस्ताव लाने का ऐलान

कौन हैं अलीमा खान? जिन्हें पाकिस्तान में आननफानन में भेजा गया जेल, इमरान खान से है कनेक्शन

https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/sudan-1789959246.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!