पॉप स्टार शकीरा ने अपने ‘लास मुजेरेस’ वर्ल्ड टूर के मैड्रिड यूरोपियन रेजिडेंसी के लिए गौरव गुप्ता की खास तौर पर तैयार की गई ड्रेस पहनी। इस ड्रेस में शी-वुल्फ के आकार की पीतल की ब्रेस्टप्लेट और हाथ से बुनी बनारसी सिल्क ब्रोकेड स्कर्ट शामिल थी। निकोलस ब्रू द्वारा स्टाइल की गई इस ड्रेस को 10 से ज़्यादा कारीगरों की टीम ने 500 से ज़्यादा घंटों में तैयार किया था। पीतल से बनी इस ब्रेस्टप्लेट पर एक शी-वुल्फ की आकृति बनी है। यह प्रतीक शकीरा की कलात्मकता की पहचान बन गया है और सहज समझ, दृढ़ता और बेबाक नारी शक्ति को दर्शाता है। शकीरा ने इसे रेशम की स्कर्ट के साथ कैरी किया था, जो सदियों पुरानी भारतीय कपड़ा-कारीगरी को प्रदर्शित करती है।
गौरव गुप्ता ने शकीरा को लेकर कही ये बात
शकीरा द्वारा पहने के इस ड्रेस को लेकर गुप्ता ने एक बयान में कहा, “शकीरा की कला हमेशा से निडर बदलाव को दिखाती रही है। ‘शी-वुल्फ’ इस रचना का मुख्य हिस्सा बन गई जो सहज प्रवृत्ति, ताकत और आज़ादी का प्रतीक है। इसे पीतल, भारतीय कारीगरी और ऐसे खास कपड़ों के ज़रिए जीवंत किया गया है जो परफॉर्मेंस के दौरान भी सहजता से चलते हैं। यह दूसरी बार है जब शकीरा ने गुप्ता की डिज़ाइन की हुई ड्रेस पहनी।
हाथों से बुनी सिल्क ब्रोकेड स्कर्ट के साथ इसका कॉम्बिनेशन इस लुक को बेहद एट्रैक्टिव बना रहा था। यह स्कर्ट एक ऐसे फ़्यूचरिस्टिक डिज़ाइन में भारतीय टेक्सटाइल की साफ़ झलक लाती है। इसकी प्लीटेड और लहरदार बनावट शकीरा के पैरों के आस-पास वॉल्यूम बनाती है और उनके चारों ओर शानदार ढंग से फैलती है, जो ये दिखाती है कि जब कोई धातु पिघलती है तो यही आकार लेती है।
कई इंटरनेशनल सेलिब्रिटीज़ के लिए ड्रेस डिजाइन कर चुके हैं गुप्ता
49 साल की शकीरा को लैटिन म्यूज़िक की क्वीन माना जाता है और उनके कई गाने दुनिया भर में हिट रहे हैं, जिनमें ‘हिप्स डोंट लाई’, ‘वाका वाका’, ‘शी वुल्फ’, ‘ब्यूटीफुल लायर’ और ‘कांट रिमेंबर टू फॉरगेट यू’ शामिल हैं। ‘लास मुजेरेस या नो लोरन’ वर्ल्ड टूर फरवरी 2025 में शुरू हुआ और कुल 127 परफॉर्मेंस के बाद अक्टूबर में खत्म होगा। इतने सालों में, गुप्ता ने कई इंटरनेशनल सेलिब्रिटीज़ के लिए कपड़े डिज़ाइन किए हैं, जिनमें कार्डी बी, बियॉन्से, किम कार्दशियन, ऐश्वर्या राय बच्चन और कियारा आडवाणी शामिल हैं।









