फिल्मों के प्रमाणन से जुड़े केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड में अब नई टीम काम करेगी। सरकार ने सीबीएफसी की नई टीम के लिए 18 सदस्यों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। नवनियुक्त सदस्यों में मनोरंजन उद्योग से जुड़े कई जाने-पहचाने नाम शामिल हैं। इस नए सलाहकार बोर्ड में भारतीय सिनेमा से लेकर टेलीविजन जगत के कई दिग्गज कलाकारों को शामिल किया गया है। फिर से गठित बोर्ड के प्रमुख नामों में प्रीति जिंटा, पंकज त्रिपाठी, सुनील शेट्टी, रूपाली गांगुली, पल्लवी जोशी और प्रोसेनजीत चटर्जी जैसे कलाकारों के नाम शामिल किए गए हैं। फिल्ममेकर प्रियदर्शन और ग्रैमी अवॉर्ड जीतने वाले कंपोज़र रिकी केज भी इसके सदस्यों में शामिल हैं।
सीबीएफसी के नवनियुक्त सदस्यों के नाम
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की नवनियुक्त टीम की बात करें तो इसमें सुनील शेट्टी, प्रियदर्शन, पंकज त्रिपाठी, प्रीति जिंटा, मनोज जोशी, विनोद अनुपम, रिकी केज, हंसराज हंस, सुप्रिया यारलागद्दा, यतींद्र मिश्रा, रूपाली गांगूली, नील माधव पंडा, प्रोसेनजीत चटर्जी, पल्लव जोशी, निशिगंधा वाड, वामन केंद्रे और रमेश पतंगे जैसे चर्चित नाम शामिल हैं।
इसी साल सीबीएफसी के नए चेयरमैन की भी हुई नियुक्ति
बता दें, इससे पहले इसी साल 3 मई को सीबीएफसी के नए चेयरमैन की भी नियुक्ति हुई थी। केंद्र सरकार ने शशि शेखर वेम्पति को सीबीएफसी का नया चेयरमैन नियुक्त किया था। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से इसका ऐलान करते हुए बताया गया कि शशि शेखर वेम्पति सीबीएफसी के नए चेयरमैन बनाए गए हैं और उनका कार्यकाल 3 वर्षों का रहेगा। शशि शेखर ने प्रसून जोशी की जगह ली। शशि शेखर सीबीएफसी के नए चेयरमैन बनने से पहले प्रसार भारती के सीईओ के पद पर कार्यरत थे।








