भारतीय स्पिनर आर साई किशोर इन दिनों इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं। उनकी शानदार गेंदबाजी से ग्लॉस्टरशायर ने काउंटी क्रिकेट में डर्बीशायर को 213 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। डर्बीशायर को मैच जीतने के लिए 319 रन बनाने थे, लेकिन साई किशोर ने महज 20 रन देकर 5 विकेट झटके और पूरी विरोधी टीम को सिर्फ 105 रन पर समेट दिया। सबसे मजेदार बात ये रही कि इस पारी में डर्बीशायर के सभी 10 विकेट स्पिन गेंदबाजों ने लिए। बता दें कि इससे पहले आर साई किशोर ने पहली पारी में भी दो विकेट हासिल किए थे। हाल ही में काउंटी क्रिकेट में मानव सुथार ने भी एक मैच में शानदार गेंदबाजी की थी।
जेम्स ब्रेसी ने ग्लॉस्टरशायर के लिए बनाया एक नया रिकॉर्ड
ग्लॉस्टरशायर की शुरुआत बहुत खराब रही थी और पहली पारी में उसके 5 विकेट सिर्फ 37 रन पर गिर गए थे। इसके बाद टीम ने दूसरी पारी में जबरदस्त वापसी की। माइल्स हैमंड (118 रन) और विकेटकीपर जेम्स ब्रेसी (नाबाद 104 रन) की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर ग्लॉस्टरशायर ने 5 विकेट खोकर 359 रन बनाए और अपनी पारी घोषित की। जेम्स ब्रेसी ने इस मैच की दोनों पारियों में शतक लगाकर एक नया रिकॉर्ड भी बनाया। वह 1919 में हैरी स्मिथ के बाद एक मैच में दो शतक लगाने वाले ग्लॉस्टरशायर के पहले विकेटकीपर बने।
ग्लॉस्टरशायर ने पहली पारी में बनाए 237 रन
ग्लॉस्टरशायर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और जेम्स ब्रेसी के शानदार 113 रन, विलियम्स के 42 रन और साई किशोर के 20 रनों की बदौलत पहली पारी में 237 रन बनाए। डर्बीशायर की ओर से ब्रेट रैंडेल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए, जबकि बेन एचिसन और शोएब बशीर ने 2-2 विकेट हासिल किए। इसके जवाब में डर्बीशायर की पहली पारी 278 रन पर समाप्त हुई। ओपनर मोहम्मद नईम ने 119 गेंदों पर 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 71 रन बनाए। ग्लॉस्टरशायर के ऑलिवर प्राइस ने 6 विकेट लिए, जबकि साई किशोर ने 23 ओवर में 2 विकेट झटके।
105 रन पर ऑलआउट हुई डर्बीशायर की टीम
ग्लॉस्टरशायर ने अपनी दूसरी पारी में बेहतरीन खेल दिखाते हुए 5 विकेट पर 359 रन बनाए और अपनी पारी समाप्त घोषित कर दी। इसमें माइल्स हैमंड ने 118 रन, जेम्स ब्रेसी ने नाबाद 104 रन और जो फिलिप्स ने 64 रन की अहम पारियां खेलीं। इस तरह ग्लॉस्टरशायर ने डर्बीशायर को जीत के लिए 319 रन की चुनौती दी। जवाब में डर्बीशायर की टीम सिर्फ 105 रन पर ही ढेर हो गई, जिसमें साई किशोर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 20 रन देकर 5 विकेट झटके। इस तरह ग्लॉस्टरशायर ने यह मैच 213 रन के बड़े अंतर से जीत लिया।
यह भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी ने मोहम्मद सिराज को दिन में दिखाए तारे, लगाई बाउंड्री की झड़ी, देखें VIDEO
श्री चरणी ने खोला राज, कैसे पाकिस्तानी टीम को सस्ते में निपटाने की रणनीति हुई तैयार
Source link
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/india-tv-2026-09-06t151339-1788687791.jpg








