1 अक्टूबर से महंगी हो जाएंगी Tata Motors की गाड़ियां, कंपनी ने किया 1% तक कीमत बढ़ाने का ऐलान

टाटा मोटर्स की गाड़ी खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। कंपनी ने 1 अक्टूबर 2026 से अपनी कमर्शियल व्हीकल रेंज की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। बढ़ी हुई कीमतों का असर मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग होगा। कंपनी के मुताबिक, यह फैसला बढ़ती कमोडिटी और अन्य इनपुट लागत के असर को कम करने के लिए लिया गया है।

टाटा मोटर्स ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि 1 अक्टूबर 2026 से उसकी कमर्शियल व्हीकल रेंज की कीमतें 1% तक बढ़ाई जाएंगी। हालांकि, हर गाड़ी की कीमत में एक जैसी बढ़ोतरी नहीं होगी। कीमत में कितना इजाफा होगा, यह मॉडल और वेरिएंट पर निर्भर करेगा। यानी टाटा की कमर्शियल गाड़ी खरीदने वाले ग्राहकों को अक्टूबर से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है।

बढ़ती लागत का दिया हवाला

कंपनी ने बताया कि कीमतों में बढ़ोतरी का मुख्य कारण कमोडिटी की बढ़ती कीमतें और अन्य इनपुट कॉस्ट हैं। वाहन बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई कच्चे माल की लागत बढ़ने के साथ लॉजिस्टिक्स और सप्लाई से जुड़ी लागत का भी कंपनियों पर असर पड़ रहा है। ऐसे में ऑटो कंपनियां लागत का कुछ हिस्सा कीमत बढ़ाकर पूरा कर रही हैं।

इस साल दूसरी बार बढ़ाए दाम

टाटा मोटर्स की कमर्शियल गाड़ियों की कीमतों में इस साल यह दूसरी बढ़ोतरी होगी। इससे पहले कंपनी ने 1 अप्रैल 2026 से कीमतों में 1.5% तक का इजाफा किया था। उस समय भी कंपनी ने कमोडिटी और इनपुट लागत बढ़ने को कीमत बढ़ाने की वजह बताया था। यानी साल के भीतर कमर्शियल व्हीकल की कीमतों में दूसरी बार बदलाव किया जा रहा है। इसका असर ट्रक, बस और दूसरे कमर्शियल वाहन खरीदने वाले ग्राहकों पर पड़ सकता है।

पैसेंजर गाड़ियों के दाम भी बढ़े

टाटा मोटर्स के पैसेंजर व्हीकल कारोबार में भी इस साल कीमतों में बदलाव हुआ है। 1 जुलाई 2026 से पैसेंजर व्हीकल रेंज की कीमतों में 1.5% तक बढ़ोतरी की गई थी। इसमें पेट्रोल-डीजल यानी ICE मॉडल के साथ इलेक्ट्रिक वाहन भी शामिल थे। इससे पहले 1 अप्रैल से कंपनी ने अपने ICE मॉडल की कीमतों में करीब 0.5% की बढ़ोतरी की थी। कुछ वेरिएंट में यह बढ़ोतरी 1.09% तक पहुंची थी, जबकि टाटा अल्ट्रोज की कीमत में मामूली कटौती भी की गई थी।

दूसरी कंपनियां भी बढ़ा चुकी हैं कीमतें

बढ़ती लागत के बीच दूसरी ऑटो कंपनियों ने भी इस साल कीमतों में इजाफा किया है। मारुति सुजुकि ने जून 2026 से 30,000 रुपये तक, जबकि हुंडई मोटर इंडिया ने 1 जून से 12,800 रुपये तक कीमत बढ़ाई थी। इसके अलावा JSW MG मोटर इंडिया, बीएमडब्ल्यू इंडिया, मर्सिडीज-बेंज इंडिया, ऑडी इंडिया और होंडा कार्स इंडिया ने भी कीमतों में बढ़ोतरी की थी।

यह भी पढ़ें- BMW एक बार फिर बढ़ाएगा सभी कार की कीमतें, इस साल चौथी बार महंगी होंगी गाड़ियां



https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/tata-motors-1789706647.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!