अल्मोड़ा में मलबे में दबने से तीन लोगों की मौत, CM धामी ने जताया दुख

अल्मोड़ा: जिले के अल्मोड़ा से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां सोमेस्वर में भूस्खलन की वजह से एक मकान गिर गया और मलबे में दबकर तीन लोगों की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस के अलावा अन्य टीमें मौके पर पहुंची। इसके बाद रेस्क्यू अभियान चलाया गया। मकान के मलबे में दबे तीन लोगों की मौत हो गई, जिनका शव बाहर निकाला गया। वहीं एक व्यक्ति जो मकान के बाहर सो रहे थे, सुरक्षित बच गए। घटना के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दुख व्यक्त किया। 

मलबे में दबने से हुई मौत

जानकारी के मुताबिक आज सुबह सूचना मिली कि जिले के सोमेस्वर थाना क्षेत्र के वडयूडा में एक मकान गिर गई। सूचना के मुताबिक मकान ढहने से कुछ लोग मलबे के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही सरियापानी पोस्ट से उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में SDRF की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। हालांकि टीम के लिए घटनास्थल तक पहुंचना ही मुश्किल भरा था। घटनास्थल से लगभग 03 किलोमीटर पहले ही सड़क पर मलबा आने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया था। इसके बाद SDRF की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ पैदल ही घटनास्थल की ओर रवाना हुई।

एक व्यक्ति की बची जान

घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने स्थानीय लोगों, फायर सर्विस और जिला पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मलबे में सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। रेस्क्यू अभियान के दौरान SDRF टीम द्वारा मलबे से तीन व्यक्तियों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान प्रेमा देवी (42 वर्ष), कल्पना आर्या (19 वर्ष) और मनीष कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई। वहीं गुलाब राम नाम के एक व्यक्ति मकान के बाहर वाले कमरे में सो रहे थे, जो मकान ढहने के दौरान सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। फिलहाल पुलिस की टीम ने शवों को कब्जे में ले लिया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

सीएम धामी ने जताया दुख

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर एक पोस्ट कर इस हादसे पर दुख व्यक्त किया। सीएम धामी ने एक्स पर लिखा, “अल्मोड़ा के सोमेश्वर अंतर्गत ग्राम वड्यूडा में अतिवृष्टि एवं भूस्खलन के कारण हुई जनहानि का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।” 

यह भी पढ़ें-

गोवा में इंडिगो के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, दिल्ली के लिए उड़ान भरने के बाद इंजन में आई खराबी

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!