हिमाचल के सिरमौर में भीषण एक्सीडेंट में तीन लोगों की मौके पर मौत, डंपर से टकराने के बाद कार के उड़े परखच्चे

हिमाचल प्रदेश में सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में शनिवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोविंदघाट बैरियर के पास यमुना पुल पर एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे डंपर (ट्रक) से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा देर रात करीब 11 बजे हुआ। कार सवार पांवटा साहिब से देहरादून ओर जा रहे थे।

यह हादसा हिमाचल-उत्तराखंड बॉर्डर पर हुआ। पुलिस ने बताया कि तीनों मृतकों की पहचान तरसेम सिंह (32 वर्ष), अमित कुमार (37 वर्ष) और सोनू के रूप में हुई है। मृतक सिरमौर, मुजफ्फरनगर और नोएडा के रहने वाले थे। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

कार में सवार तीनों लोग अंदर ही बुरी तरह फंसे

हादसा इतना खौफनाक था कि टक्कर लगते ही कार के परखच्चे उड़ गए। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार तीनों लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए। टक्कर के कारण कार सवार तीनों व्यक्तियों को इतनी गंभीर चोटें आईं कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पांवटा साहिब पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से 108 एम्बुलेंस के माध्यम से कार सवार तीनों लोगों को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के दौरान तीनों लोगों को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और डंपर चालक की तलाश की जा रही है।

 कुल्लू में बस पलटने से छह लोग घायल 

वहीं, मनाली से पठानकोट जा रही हिमाचल रोडवेज की एक बस शनिवार को कुल्लू जिले में बाशिंग के पास पलट गई, जिससे छह लोग मामूली रूप से घायल हो गए। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर ने बताया कि हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। चालक के वाहन पर से नियंत्रण खो देने के बाद बस सड़क पर पलट गई, जिससे बस में सवार छह लोगों को मामूली चोटें आईं। इनमें चालक और परिचालक भी शामिल हैं। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया है। इससे पहले हिमाचल में पीर निगाह के पास खाई में ट्रक खाई में गिरने से 50 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए थे।

 

रिपोर्टः कपिल ठाकुर

ये भी पढ़ेंः शिमला-मनाली से लेकर नैनीताल तक महाजाम, कैंची धाम में पैर रखने की जगह नहीं; वीकेंड पर लगी पर्यटकों की भारी भीड़

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!