कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में स्थित अमेजन ऑफिस के बाहर बुधवार को एक डराने वाला हादसा देखने को मिला। उत्तर-पूर्वी बेंगलुरु में बागलूर क्रॉस के पास अमेजन ऑफिस के बाहर फुटपाथ पर लगे एक ट्रांसफॉर्मर बॉक्स में बुधवार सुबह करीब 9:49 बजे धमाका हुआ, जिससे फुटपाथ पर चल रहा एक व्यक्ति घायल हो गया। यह घटना ऑफिस कैंपस के गेट नंबर 3 के बाहर हुई, जो येलाहंका ओल्ड टाउन पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है।
घायल व्यक्ति की पहचान
अमेजन ऑफिस के ट्रांसफॉर्मर फटने की घटना में घायल व्यक्ति की पहचान मोहम्मद अफरोज के तौर पर हुई है। घटना की पुष्टि करते हुए डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (नॉर्थ ईस्ट) मिथुन कुमार ने कहा, “यह घटना अमेजन ऑफिस के गेट नंबर 3 पर हुई। बागलूर क्रॉस के पास येलहंका ओल्ड टाउन पुलिस स्टेशन इलाके में मोहम्मद अफरोज नाम का व्यक्ति घायल हुआ है। वह सुरक्षित है और अभी अस्पताल में है।”
डैशकैम में रिकॉर्ड हो गई घटना
बेंगलुरु में अमेजन ऑफिस के बाहर हुए धमाके की घटना अरुण नाम के कार चालक के डैशकैम में रिकॉर्ड हो गई, जिन्होंने अचानक हुए इस धमाके को देखा था। अरुण ने इस घटना के बारे में लिखा- “मेरे डैशकैम में घटना रिकॉर्ड हो गई। मैं कार से बाहर नहीं निकल सका क्योंकि वहां भारी भीड़ जमा हो गई थी और मेरे बच्चे कार के अंदर थे।” बिजली की खराबी के मामले में आगे की जांच चल रही है।








